विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली से पहले पूरा बजट सेट करती हैं Abhijeet Sawant की पत्नी, मुंबई की लोकल मार्केट से करती हैं शॉपिंग

By Deepesh PandeyEdited By: Tanya Arora
Published: Fri, 06 Nov 2026 11:09 AM (IST)

सिंगर अभिजीत सावंत इतने सालों में पहली बार दीवाली पार्टी करने जा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने और उनकी ...और पढ़ें

अभिजीत सावंत ने शेयर की दीवाली की यादें/ फोटो- इंस्टाग्राम

अभिजीत सावंत ने शेयर की दीवाली की यादें/ फोटो- इंस्टाग्राम

HighLights

  1. अभिजीत सावंत पहली बार घर पर दीवाली पार्टी

  2. शिल्पा मुंबई के लोकल मार्केट जाकर खरीदती हैं चीजें 

  3. पहली बार अभिजीत ने शिल्पा के लिए गाया था ये गाना

दीपेश पांडेय, नई दिल्ली। आशिक बनाया आपने, तीस मार खां और ढिशूम समेत कई फिल्मों के गाने गा चुके गायक अभिजीत सावंत इस साल पहली बार अपने घर पर दीवाली पार्टी रख रहे हैं। ऐसे में अभिजीत और उनकी पत्नी शिल्पा सांवत दोनों पर बड़ी जिम्मेदारी है। अभिजीत इन दिनों सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल: लीजेंड रिटर्न में अपनी गायिकी का जलवा दिखा रहे हैं। ऐसे में उनसे और उनकी पत्नी शिल्पा से दीवाली की तैयारियों, परंपराओं और बजट को लेकर विशेष बातचीत...

आपका दीवाली जश्न कितना पारंपरिक और कितना आधुनिकता से प्रभावित होता है?

अभिजीत: दीवाली का त्योहार अक्सर घर में रहकर परिवार के साथ मनाते हैं। हम अगर किसी के घर जाते भी हैं तो लंच के लिए ही जाते हैं। रात में दीये जलाकर, पटाखे फोड़ते हुए दीवाली मनाते हैं। अब हाउस पार्टी जैसी चीजों के कारण दीवाली का उत्सव एक अलग दिशा में जा रहा है, लेकिन इससे यह अच्छा भी हो गया है कि उन दोस्तों से भी मुलाकात हो जाती है, जिनसे कई बार पूरे साल नहीं मिलना होता है।

शिल्पा: हमारे यहां पहली अंगोल की रस्म (दीवाली की सुबह परिवार के सदस्यों को उबटन और तेल लगाने के बाद नहाने की रस्म) अभिजीत की मम्मी ही करती हैं। आमतौर पर शादी के बाद पति को अंगोल पत्नी लगाती है, लेकिन मैंने मम्मी से कहा था कि यह आपका ही अधिकार है तो वही हम सभी को लगाती हैं। इसके बाद हम साथ में फराल (स्नैक्स) खाते हैं। मैं घर में लक्ष्मी पूजा करती हूं, जहां मैं अपनी दोनों बेटियों का गृहप्रवेश कराती हूं, उनके पैरों के पदचिन्ह घर में करवाती हूं। इसके बाद हम उनकी आरती करते हैं।

Untitled Design - 2026-11-06T110216.108

दीवाली की शॉपिंग में आप दोनों में से ज्यादा खर्च कौन करता है और किसकी पसंद का ज्यादा ध्यान रखा जाता है?

अभिजीत: दीवाली की शॉपिंग हम दोनों ही संतुलित तरीके से करते हैं। यह पहला साल है, जब हम थोड़ा ज्यादा ही खर्च कर रहे हैं, क्योंकि इस साल हम पहली बार अपने घर पर दीवाली की पार्टी रख रहे हैं। इस बार थोड़ा ज्यादा खर्च होने वाला है। अगर उसे छोड़ दें तो शॉपिंग में हम दोनों एक-दूसरे की पसंद का ध्यान रखते हैं।

शिल्पा: दीवाली की शॉपिंग के लिए मैं क्रॉफेट मार्केट (मुंबई का एक मशहूर बाजार) जाती हूं और वहां अपनी पहचान के कुछ थोक विक्रेताओं से शॉपिंग करती हूं। मैं ज्यादा महंगी जगहों से शॉपिंग नहीं करती हूं। शॉपिंग से पहले मैं अपना बजट और मुझे क्या-क्या चीजें खरीदनी हैं, यह भी तय करती हूं।

Untitled Design - 2026-11-06T110135.836

दीवाली के मौके पर क्या आप दोनों के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक होती है?

अभिजीत: दीवाली के समय ज्यादातर नोकझोंक इसी बात को लेकर होती है कि इस बार खाने-पीने की चीजों में महाराष्ट्रीय फराल (स्नैक्स) में क्या-क्या चीजें होनी चाहिए। उसमें क्या चीजें ज्यादा और क्या कम होनी चाहिए। मुझे शक्कर पाली, चकली ज्यादा पसंद हैं तो शिल्पा को दूसरी चीजें पसंद हैं।

शिल्पा: दीवाली के फराल मैं घर पर ही बनाती हूं, कुछ बाहर से नहीं लाती हूं। मुझे यह अच्छा लगता है और इसमें बेटियां भी मेरी मदद करती हूं। ऐसे में मैं एक तरह से उनको भी अपनी संस्कृति और परंपराओं के बारे में सिखा रही होती हूं।

आप दोनों में से दीवाली की तैयारियों को लेकर ज्यादा उत्साहित कौन रहता है? अब तो इंटरनेट मीडिया पर भी पोस्ट करने का दौर है तो उसमें कौन आगे रहता है?

अभिजीत: मैं दीवाली को लेकर ज्यादा उत्साहित रहता हूं। मैं हर बार सोचता हूं कि इस बार दीवाली कुछ अलग तरीके से मनाएंगे। घर को कुछ अलग तरह से सजाएंगे और घर में कुछ अलग चीजें करेंगे। लोगों को अलग तरह के गिफ्ट देंगे। शिल्पा इस साल भी दीवाली पार्टी के लिए इनकार ही कर रही थीं, लेकिन इसके लिए मैंने उन्हें बहुत मनाया। तस्वीरों और इंटरनेट मीडिया को लेकर शिल्पा ज्यादा सजग रहती हैं।

Untitled Design - 2026-11-06T110157.401

शिल्पा: अभिजीत के प्रशंसकों को उनकी तस्वीरें देखना अच्छा लगता है। वे देखना चाहते हैं कि अभिजीत ने क्या पहना, कैसे कंदील लगाया, घर को कैसे सजाया? हम अपनी मराठी संस्कृति से दीवाली मनाते हैं। हमें अपनी अगली पीढ़ी को भी इस संस्कृति के बारे में बताना आवश्यक है। इसलिए हम इंटरनेट मीडिया पर अपने त्योहारों की तस्वीरें जरूर साझा करते हैं, लेकिन इतनी जिम्मेदारी और समझ के साथ कि उसमें हमारी संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखे।

अगर मौका मिले तो दीवाली के मौके पर आप अभिजीत से किस गाने का आग्रह करेंगी?

शिल्पाः जब भी कोई विशेष मौका होता है तो मैं अभिजीत से जब कोई बात बिगड़ जाए... गाना गाने के लिए कहती हूं। यह मेरा पसंदीदा गाना है। शादी से पहले भी अभिजीत मुझे हमेशा फोन पर यह गाना सुनाते थे। आज अगर वो कहीं यह गाना गाते हैं तो मेरा जिक्र जरूर करते हैं।

यह भी पढ़ें- 'मैं अरिजीत सिंह से ज्यादा...', Abhijeet Sawant पर था दबाव, इंडियन आइडल के विनर ने 21 साल बाद खोले राज

यह भी पढ़ें- इमरान हाशमी का कल्ट मानसून ट्रैक... हिमेश के 'चटपटे गाने' को Sunidhi Chauhan ने दी आवाज; अब कर रहा जमकर ट्रेंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।