Coronavirus: लॉकडाउन की वजह से अपने परिवार के साथ यहां फंसे हैं मनोज बाजपेयी, करने आए थे शूटिंग
Coronavirus Lockdown खबरें आ रही हैं कि मनोज वाजपेयी और दीपक डोबरियाल अपने परिवार के साथ लॉकडाउन की वजह से उत्तराखंड में फंसे हुए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस की वजह से पूरे देश में लॉकडाउन है और इस वजह से कई लोग अपने घर भी नहीं पहुंच पाए हैं और दूसरी जगहों पर फंसे हुए हैं। इनमें बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी और दीपक दोबरियाल के साथ उनकी फैमिली भी शामिल है। दरअसल, लॉकडाउन के बाद फिल्मों की शूटिंग और इवेंट्स पर भी रोक लग गई है, ऐसे में सभी एक्टर्स भी अभी फ्री हैं। लॉकडाउन के बीच सारे बॉलीवुड ऐक्टर्स अपने घरों पर हैं, लेकिन मनोज बाजपेयी लॉकडाउन के बीच अपने घर से दूर फंसे हुए हैं।
उत्तराखंड में फंसे हैं मनोज बाजपेयी
खबरें आ रही हैं कि अभी मनोज बाजपेयी दिल्ली या अपने हॉमटाउन में नहीं हैं, लेकिन अभी वो उत्तराखंड में हैं और लॉकडाउन की वजह से मुंबई नहीं जा पा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस वक्त लॉकडाउन का ऐलान किया गया था, तब मनोज बाजपेयी अपनी अगली फिल्म की शूटिंग के लिए उत्तराखंड में थे और उनके मुंबई आने से पहले लॉकडाउन लगा दिया गया। लॉकडाउन की वजह से मनोज बाजपेयी भी उत्तराखंड में रह गए हैं।
फैमिली भी हैं साथ में
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि मनोज बाजपेयी के साथ एक्टर दीपक डोबरियाल भी हैं। दोनों अभी उत्तराखंड के किसी ग्रामीण इलाके में हैं, जहां आधुनिकता की कमी है। हालांकि, मनोज बाजपेयी ने टेक्स्ट मैसेज के जरिए बताया कि वो लोग सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि मनोज बाजपेयी के साथ उनकी पत्नी शबाना और बेटी मौजूद हैं, लेकिन दीपक की फैमिली इस समय मुंबई में है।
अभी करना होगा इंतजार
बता दें कि कोरोना वायरस के चलते अभी देश जाम है और कई लोग विदेश में तो कई अपने घर से दूर फंसे हुए हैं। बॉलीवुड जगत से जुड़े कई कलाकार अभी विदेश में भी हैं, जो लॉकडाउन खत्म होने और फ्लाइट चालू होने का इंतजार कर रहे हैं ताकि अपने घर लौट सके। वहीं, कई प्रदेश सरकारों ने लॉकडाउन की अवधि को बढ़ा दिया गया है, ऐसे मनोज बाजपेयी को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।