विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीदेवी की 'चुलबुली' अदाओं का जादू, आनंद बख्शी के बोल; 37 साल पुराना गाना जिसने लड़कियों को बनाया 'चांदनी'

Published: Thu, 29 Oct 2026 06:16 PM (IST)

1989 में आई श्रीदेवी और ऋषि कपूर की एक सुपरहिट फिल्म का गाना आज भी लोगों की जुबान पर है। यह गाना खुद श्रीदेवी ने गाया था।

श्रीदेवी ने फिल्म में गाया था गाना (फोटो- यूट्यूब स्क्रीनशॉट)

श्रीदेवी ने फिल्म में गाया था गाना (फोटो- यूट्यूब स्क्रीनशॉट)

HighLights

  1. 1989 में रिलीज हुई थी फिल्म

  2. श्रीदेवी ने फिल्म के लिए गाया था गाना

  3. दिखी थी ऋषि-श्रीदेवी की जोड़ी

एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। 80 और 90 के दशक में कई ऐसे पॉपुलर गाने बने जो आज भी हमारी जुबान पर चढ़े हुए हैं। कहीं से एक लाइन सुनने को मिल जाए तो पूरा गीत गुनगुनाने का मन करने लग जाता है। ऐसे ही एक बेहद खूबसूरत और रोमांटिक गीत के बारे में आज हम आपको बताने वाले हैं।

हम बात कर रहे हैं 37 साल पुराने एक ऐसे गाने की जिसके बाद से लड़कियों का नाम 'चांदनी' रखा जाने लगा था। हम बात कर रहे हैं 1989 में आई सुपरहिट फिल्म 'चांदनी' (Chandni) के टाइटल सॉन्ग 'चांदनी ओ मेरी चांदनी' (Chandni O Meri Chandni) की। 

डमी गाने को ही बना दिया फाइनल

90 के दशक में यह गाना बहुत सुपरहिट हुआ था। इस गाने की सबसे खास बात ये है कि यश चोपड़ा की फिल्म चांदनी के इस गीत को खुद श्रीदेवी (Sridevi) ने जॉली मुखर्जी के साथ मिलकर गाया था। यश चोपड़ा ने जॉली मुखर्जी को असल में केवल इसलिए बुलाया गया था ताकि वे गाने का 'डमी' रिकॉर्ड कर सकें।

यश चोपड़ा उस डमी को मुख्य गायकों को सुनाना चाहते थे। लेकिन जब उन्होंने जॉली की आवाज में श्रीदेवी के साथ यह ट्रैक सुना, तो उन्हें यह इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे ही फाइनल गाना रख लिया।

Rishi

आनंद बख्शी ने लिखे थे बोल

इसके दिल छू लेने वाले बोल लिखे थे आनंद बख्शी ने और संगीत दिया था शिव-हरि ने। गाने में ऋषि और श्रीदेवी की केमिस्ट्री ने रोमांस की एक नई परिभाषा लिखी। श्रीदेवी की प्यारी सी मुस्कान, स्विट्जरलैंड की वादियां और शिव-हरि के संगीत ने मिलकर 'चांदनी ओ मेरी चांदनी' को और भी ज्यादा खूबसूरत बना दिया था।

पाकिस्तान में भी थी इसकी दीवानगी

कहा तो ये तक जाता है कि इस गाने और फिल्म का जादू ऐसा चला कि उस दौर में भारत में कई लड़कियों के नाम 'चांदनी' रखने का एक बड़ा ट्रेंड शुरू हो गया था। इस गाने की दीवानगी सिर्फ भारत तक सीमित नहीं थी बल्कि सरहद पार भी इसका जादू बरकरार था। पाकिस्तान में इस गाने की हूबहू नकल करके एक गाना बनाया गया, जिसके बोल थे 'नादिरा ओ मेरी नादिरा' थे।

तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मूवी

इस फिल्म को यश चोपड़ा ने डायरेक्ट किया था और वही इसके निर्माता भी थे। श्रीदेवी ने फिल्म में चांदनी माथुर का रोल निभाया था। फिल्म की कहानी प्यार, जुदाई और कुर्बानी की है। फिल्म चांदनी ने 1989 में तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का बनकर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसका बजट करीब 8 करोड़ था और कलेक्शन लगभग 27 करोड़ हुआ था।

यह भी पढ़ें- Netflix पर मस्ट वॉच बनी श्रीदेवी की 14 साल पुरानी फिल्म, इंडिया में टॉप-10 में कर रही है ट्रेंड

यह भी पढ़ें- 90's के माता-पिता का फेवरेट है श्रीदेवी और ऋषि कपूर का सदाबहार गाना, हरे-भरे खेतों में गूंजी थी Alka Yagnik की आवाज