Move to Jagran APP

महेश मांजरेकर के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज, बच्चों पर अश्लील दृश्य फिल्माने का आरोप

महेश मांजरेकर के खिलाफ अदालत में शिकायत दर्ज करवायी गयी थी जिसमें उन पर अपनी मराठी फिल्म के अश्लील दृश्यों में बच्चों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था। अदालत ने मामला दर्ज करके पुलिस को जांच करने का आदेश दिया है।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Wed, 23 Feb 2022 06:11 PM (IST)Updated: Thu, 24 Feb 2022 07:01 AM (IST)
Case Against Mahesh Manjrekar Registered. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज निर्देशक-एक्टर महेश मांजरेकर बड़े कानूनी विवाद में फंस गये हैं। मराठी फिल्म के कुछ आपत्तिजनक दृश्यों में बच्चों का इस्तेमाल किये जाने पर महेश के खिलाफ मुंबई की कोर्ट में POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया गया है। अदालत ने मामले की जांच के निर्देश माहिम पुलिस को दिये हैं।

एएनआई की खबर के अनुसर, महेश मांजरेकर के खिलाफ सेक्शन 292, 34, पोक्सो एक्ट के सेक्शन 14 और आईटी एक्ट के सेक्शन 67 और 67बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें, महेश मांजरेकर निर्देशित मराठी फिल्म नाय वरण भाट लोंचा कोन नाय कोंचा (Nay Varan Bhat Loncha Kon Nay Koncha) 14 जनवरी को रिलीज हुई थी। फिल्म के कुछ दृश्यों को लेकर काफी हंगामा मचा था और मुंबई की अदालतों में इसके खिलाफ शिकायतें और याचिका दायर हुई थीं। 

क्या है केस

मुंबई की एक एनजीओ भारतीय स्त्री शक्ति की अध्यक्ष सीमा देशपांडे ने यह आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवायी थी कि फिल्म में कम उम्र के बच्चों को उनकी आंटी के साथ यौन संबंध बनाते हुए दिखाया गया है। साथ ही बच्चों के साथ हिंसा के दृश्य भी हैं। देशपांडे ने यह भी आरोप लगाया था कि फिल्म के संवाद अश्लील हैं। एनजीओ ने माहिम पुलिस और साइबर सेल में एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत दी थी। मगर, कुछ होता ना देख देशपांडे ने पोक्सो कोर्ट में याचिका दायर की थी। 

इसके अलावा एक शिकायत क्षत्रिय मराठा सेवा संस्था की ओर से बांद्रा मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में भारतीय दंड संहिता की धारा 292, 295 और 34 के तहत दर्ज करवायी गयी थी। शिकायतकर्ता वकील डीवी सरोज ने दावा किया था कि फिल्म के कंटेंट से समाज में वैमनस्य फैल सकता है। दूसरी शिकायत पोक्सो के तहत सेशंस कोर्ट में दर्ज करवायी गयी थी। इसमें महेश और मेकर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की मांग की गयी थी।

Nay Varan Bhat Loncha Kon Nay Koncha स्वर्गीय जयंत पवार की कहानी पर आधारित है। फिल्म में प्रेम धर्माधिकारी, छाया कदम, शशांक शेंडे और कश्मीरा शाह प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी के केंद्र में दो किशोरवय लड़के हैं, जो अभावों और हिंसा का सामना करते हुए बड़े होते हैं और अपराधी बन जाते हैं। बता दें, महेश मांजरेकर सलमान खान की फिल्म अंतिम- द फाइनल ट्रुथ में एक किरदार में नजर आये थे। इस फिल्म का निर्देशन भी महेश ने किया था।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.