कार्तिक हुए शिकार, कृति-रणवीर भी नहीं रहे अछूते; सितारों की इमेज खराब करने के लिए करोड़ों खर्च करते हैं लोग
कार्तिक आर्यन से लेकर कृति सेनन तक कई फिल्मी सितारों को अक्सर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। इस ट्रोलिंग के पीछे करोड़ों का दांव खेला जा रहा है।

सितारों की छवि खराब करने के लिए खर्च होते हैं करोड़ों रुपये। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम
HighLights
फिल्मी सितारे छवि खराब करने को करोड़ों रुपये खर्च करते हैं
कार्तिक-आलिया जैसे कई सितारे पेड ट्रोलिंग का शिकार हुए
अलग-अलग रेट के हिसाब से करवाते हैं ट्रोलिंग
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। आज के समय में सोशल मीडिया ट्रोलिंग आम बात हो गई है, खासकर बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के साथ। वे क्या पहनते हैं, कहां जाते हैं या किससे मिलते हैं... कई सितारों को बात-बात पर भारी आलोचना का सामना करना पड़ता है।
कुछ समय पहले की ही बात है। कार्तिक आर्यन ने गोवा वेकेशन से फोटो शेयर की है। उसी लोकेशन और स्पॉट से एक 17 साल की लड़की ने भी फोटो शेयर की और सोशल मीडिया पर उनके डेटिंग की चर्चाएं शुरू हो गईं। जबकि लड़की ने साफ किया था कि वह तो कार्तिक को जानती भी नहीं हैं।
इसी तरह आलिया भट्ट, कृति सेनन, रणबीर कपूर, रणवीर सिंह समेत कई सितारों को ट्रोलिंग सहनी पड़ती है। यहां तक कि तारा सुतारिया को भी एपी ढिल्लों के साथ डांस करने के लिए ट्रोल किया गया। तब उन्होंने खुलासा किया कि यह एक पेड नेगेटिव PR है जिसे कोई उनकी छवि खराब करने के लिए कर रहा है।
एक-दूसरे की छवि खराब करते हैं सितारे
अब इंडियन एक्सप्रेस ने एक पब्लिक रिलेशंस (PR) प्रोफेशनल के हवाले से लिखा है कि सितारों की छवि खराब करने के लिए लोग करोड़ों रुपये खर्च करते हैं और यह नेगेटिव पीआर के लिए पैसे उड़ाने वाले यह लोग फिल्मी दुनिया से ही ताल्लुक रखते हैं। वे पार्टी-फंक्शन में सच्चे दोस्त की तरह गले मिलते हैं और फिर उनकी छवि खराब करने के लिए पैसे खर्च करते हैं।
एक पीआर प्रोफेशनल के हवाले से मीडिया आउटलेट ने बताया-
यह कोई नई बात नहीं है। पहले विरोधी स्टार्स अक्सर किसी बड़े अखबार में जगह के लिए पैसे देते थे ताकि गुमनाम रूप से कोई लीक खबर छपवा सकें। जिस स्टार के बारे में खबर छपती थी, वह किसी दूसरे अखबार में अपनी सफाई देता था लेकिन सोशल मीडिया के दौर में जगह की कोई कमी नहीं है और जवाबदेही भी वैसी नहीं रही। कम से कम उस समय एक अच्छा एडिटर रिपोर्टर से कहता था कि वह कहानी का दूसरा पक्ष भी जाने। अब हम सोशल मीडिया पर इसे कैसे व्यवस्थित करें?
रणबीर की बहन ने भी बताई अंदर की बात
यही नहीं, रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर ने भी बॉलीवुड में पैसे देकर नेगेटिव पीआर कराे को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था, "एंटरटेनमेंट की दुनिया में अक्सर विरोधी गुट किसी एक स्टार के लिए चर्चा बनाने का काम करते हैं। असली फैंस के गुस्से और किराए पर लाए गए गुस्से के बीच का फर्क लगभग खत्म हो चुका है और ऐसा करने वाली एजेंसियों की कोई कानूनी जवाबदेही भी नहीं होती। यह बहुत दुखद है, लेकिन सच है।"

तीन एक्ट्रेसेस ने आलिया के खिलाफ रची थी साजिश?
आलिया भट्ट कई बार ट्रोलिंग का सामना करना चुकी हैं, चाहे वो इस साल कान्स के रेड कारपेट पर पोज देना हो या फिर ऐल्फा मूवी (Alpha) के लिए हो। फिल्म पर काम करने वाले एक टेक्नीशियन का कहना है कि आलिया की ये ट्रोलिंग तीन लीडिंग एक्ट्रेसेस ने कराया था। कहा गया-
हमें जो पता चला, उसके मुताबिक यह ट्रोलिंग तीन दूसरी लीडिंग एक्ट्रेस की एजेंसियों ने शुरू करवाई थी। यह पक्का नहीं कहा जा सकता कि इन एक्ट्रेस को अपनी इस हरकत के बारे में पता भी है या नहीं, लेकिन अक्सर उनका PR सिस्टम ही ऐसे गंदे काम करता है। ऐसा लगा कि यह तीन-चार ऐसे बदनाम करने वाले कैंपेन का मिला-जुला असर था।
सिर्फ आलिया ही नहीं, कई और एक्ट्रेसेस भी ट्रोल होती हैं। दीपिका पादुकोण को 8 घंटे शिफ्ट डिबेट के लिए ट्रोलिंग झेलनी पड़ी। कृति सेनन को रक्षाबंधन ऐड में अपने कपड़ों के लिए ट्रोल होना पड़ा।

मास रिपोर्टिंग से रोकी जाती है पहुंच
वहीं, एक्टर-फिल्ममेकर अंशुमन झा ने एक सेलिब्रिटी पर 'पेड मास रिपोर्टिंग' का आरोप लगाया। अंशुमन झा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उन्हें पता चला कि उनके इंस्टाग्राम हैंडल पर एक स्टार ने 'पेड मास रिपोर्टिंग' करवाई है ताकि उनकी लोकप्रियता या पहुंच को रोका जा सके।
छवि खराब करने के लिए खर्च होते हैं इतने पैसे
PR एजेंसियों और उनकी ऑनलाइन रेपुटेशन मैनेजमेंट (ORM) एजेंसियों का रेट कार्ड हर कंपनी और कैंपेन के साइज के हिसाब से अलग-अलग होता है। जैसे कि 'मास रिपोर्टिंग' का खर्च सबसे कम होता है। इस पर करीब 1 हजार से 1 लाख रुपये तक खर्च किया जा सकता है। हालांकि, बड़े कैंपेन जैसे कोई बड़ा और लंबे समय तक चलने वाला 'स्मीयर कैंपेन' (बदनामी का अभियान) है, तो खर्च 50 लाख रुपये से भी ज्यादा हो सकता है।
एक पूर्व 'पेड ट्रोल' ने मीडिया आउटलेट को बताया, "बेशक ह्यूमन ट्रोल फार्म बॉट्स से कहीं ज्यादा महंगे होते हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने भी इसे ज्यादा सस्ता बना दिया है, लेकिन अगर आपको वह ह्यूमन टच चाहिए, तो ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। सबसे अच्छा होता है कि ह्यूमन ट्रोल्स से शुरुआत करो और फिर बॉट्स का इस्तेमाल करके इसे बढ़ाओ।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।