विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'हसीन दिलरूबा' से 'बीवी नम्बर वन' तक, बॉलीवुड की इन फिल्मों में दिखा बेवफाई का 'सिलसिला'

By Jagran NewsEdited By: Manoj Vashisth
Published: Thu, 06 Jul 2023 06:23 PM (IST)

Bollywood Movies Based on Infidelity हिंदी सिनेमा में ऐस विषयों की कमी नहीं है जिनमें पति पत्नी और बेवफाई की ...और पढ़ें

bollywood movies based on infidelity cheating and extra marital affairs.
bollywood movies based on infidelity cheating and extra marital affairs.

नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड में अक्सर प्यार और रोमांस को बड़ी ही खूबसूरती के साथ दर्शकों के सामने रखा जाता है, मगर कई बार इन कहानियों में बेवफाई के किस्से भी जुड़ जाते हैं। प्यार, रिश्ते और परिवार की तरह बेवफाई भी समाज का एक सच है।

अक्सर ऐसी कहानियां खबरों के जरिए हम तक पहुंची भी हैं। बॉलीवुड फिल्मों में इस विषय को काफी संवेदनशीलता के साथ पेश किया जाता रहा है- कभी ड्रामा तो कभी थ्रिलर के जरिए। इनमें कुछ फिल्में बॉलीवुड क्लासिक मानी जाती हैं। 

हसीन दिलरूबा

नेटफ्लिक्स पर आयी तापसी पन्नू और विक्रम मैसी स्टारर हसीन दिलरूबा मोहब्बत, शादी और थोड़ी सी बेवफाई की कहानी दिखाती है। इस रोमांटिक थ्रिलर फिल्म को कनिका ढिल्लों ने लिखा था। विनिल मैथ्यू निर्देशित फिल्म में हर्षवर्धन राणे भी अहम भूमिका में थे। अब इसका सीक्वल पाइपलाइन में है। 

रुस्तम

नौसेना अधिकारी केएम नानावटी केस से प्रेरित रुस्तम कोर्ट रूम ड्रामा है। अक्षय कुमार, नानावटी के मुख्य किरदार में दिखे थे। उनके किरदार का नाम ‘रुस्तम पावरी’ रखा गया था। नानावटी पर उनकी पत्नी के ब्वॉयफ्रेंड के कत्ल का आरोप लगा था। साठ के दौर में यह केस मीडिया की सुर्खियां रहा था। हालांकि, रुस्तम फिल्म की कहानी में काफी बदलाव किये गये थे।

  • यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

मर्डर

बॉलीवुड की बोल्ड फिल्मों में से एक मर्डर की कहानी हॉलीवुड फिल्म अनफेथफुल से ली गई थी। इस फिल्म को अनुराग बसु ने डायरेक्ट किया था और इसमें मुख्य भूमिका में मल्लिका शेरावत, इमरान हाशमी और अश्मित पटेल थे। इस फिल्म के बोल्ड सींस आज तक चर्चा का विषय बनते हैं। एक पत्नी की बेवफाई कैसे एक मर्डर का कारण बनता है, फिल्म की कहानी इसी पर आधारित थी। मर्डर, बेवफाई के साथ थ्रिलर जॉनर की फिल्म है। 

कभी अलविदा ना कहना

रॉकी और रानी की प्रेम कहानी से कई साल बाद निर्देशन में लौटे करण जौहर अपनी पारिवारिक फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, 2006 में आयी ‘कभी अलविदा ना कहना’ की कहानी रिश्तों में बेवफाई को दिखाती है। 

शाह रुख खान, रानी मुखर्जी, प्रीति जिंटा और अभिषेक बच्चन अभिनीत यह फिल्म शादीशुदा जिंदगी में प्यार के खत्म हो जाने की कहानी है। कैसे दो लोगों को अपनी शादी के बाहर प्यार मिलता है और वो कैसे एक-दूसरे के करीब आ जाते हैं। फिल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर कुछ खास कमाल तो नहीं किया, लेकिन इसके गाने आज भी कानों में रस घोलते हैं। 

बीवी नंबर वन

सलमान खान और करिश्मा कपूर की नटखट जोड़ी जब भी साथ आयी कमाल ही किया, लेकिन धमाल तो तब हुआ, जब इन दोनों के बीच मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन आ गयीं। जी हां, हम बात कर रहे हैं, 1999 की फिल्म बीवी नंबर वन की।

ये एक रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म थी, जिसने लोगों को खूब हंसाया और बीवी की ताकत को भी दिखाया। एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर पर बनी होने के बावजूद भी यह एक पूरी तरह से पारिवारिक फिल्म थी। आज भी, जब यह फिल्म टीवी पर आती है तो लोग ठहाके लगाने को मजबूर हो जाते हैं।

  • यह फिल्म यूट्यूब और डिज्नी प्लस हॉटस्टार दोनों जगह मौजूद है।

सिलसिला

1981 में आयी सिलसिला हिंदी सिनेमा की कल्ट क्लासिक फिल्मों में गिनी जाती है। जया बच्चन, अमिताभ बच्चन, रेखा और संजीव कुमार जैसे दिग्गज अभिनेताओं की यह फिल्म यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित थी। आपको जानकर हैरानी होगी कि यह फिल्म उस वक्त ज्यादा कमाल नहीं कर पायी, लेकिन इसके गानों के वजह से यह बॉलीवुड क्लासिक बन गयी।

रेखा, अमिताभ और जया का लव ट्रायंगल, इस कहानी का 'हीरो' रहा। उस वक्त इस फिल्म के दौरान अमिताभ और रेखा की नजदीकियों की अफवाह भी खूब थी। नतीजतन, अमिताभ और रेखा की यह आखिरी फिल्म रही।

  • आप अमेजन प्राइम वीडियो पर इस फिल्म को देख सकते हैं।

इन फिल्मों के अलावा कुछ और फिल्मों में बेवफाई की थीम को भुनाया गया। इनमें 1978 में आयी संजीव कुमार की पति, पत्नी और वो शामिल है, जिसके रीमेक में कार्तिक आर्यन ने मुख्य भूमिका निभायी थी। हालांकि, इन फिल्मों में बेवफाई को कॉमिक अंदाज में पेश किया गया था।