विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

50 साल के हुए अरशद वारसी, जानिये इस मस्तमौला किरदार से जुड़ी कुछ रोचक बातें

By Hirendra JEdited By:
Published: Thu, 19 Apr 2018 09:01 AM (IST)Updated: Fri, 20 Apr 2018 06:23 AM (IST)

अरशद ने अपने कैरियर के शुरूआती दिनों 1999 में ही शादी कर ली थी! उनकी पत्नी मारिया गोरेट्टी एक वीजे हैं।

50 साल के हुए अरशद वारसी, जानिये इस मस्तमौला किरदार से जुड़ी कुछ रोचक बातें
50 साल के हुए अरशद वारसी, जानिये इस मस्तमौला किरदार से जुड़ी कुछ रोचक बातें

मुंबई। 19 अप्रैल को मस्तमौला और प्रतिभाशाली अभिनेता अरशद वारसी का बर्थडे होता है। अरशद इस साल 50 साल के हो रहे हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी अरशद में सिनेमा को लेकर जो ललक और चाव है वो कम नहीं हुआ है! हाल ही में ख़बर आई कि फ़िल्म ‘शिकागो जंक्शन’ में पहले अरशद वारसी को लिया गया था लेकिन, बाद में संजय दत्त उनकी जगह यह किरदार कर रहे हैं!

बहरहाल, इनदिनों अरशद अपनी आने वाली फ़िल्म ‘गुड्डू रंगीला’, 'फ्रॉड सैयां' और 'भैयाजी सुपरहिट' की शूटिंग में व्यस्त हैं। मुंबई में जन्में अरशद के पिता का नाम अहमद अली ख़ान था। अरशद की प्रारंभिक शिक्षा नासिक, महाराष्ट्र में हुई। बता दें कि अरशद ने सिर्फ दसवीं तक की पढ़ाई की है और उनका शुरुआती जीवन संघर्षों भरा रहा है! आज उन्हें उनके बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए जाना जाता है, मगर यह बात बहुत ही कम लोग जानते हैं कि वो फ़िल्मों में आने से पहले अपनी आजीविका चलाने के लिए सेल्समैन का काम किया करते थे। इसके बाद अरशद ने फोटो लैब में भी काम किया और फिर कुछ समय बाद उन्होंने डांसिंग ग्रुप ज्वाइन कर लिया था।

यह भी पढ़ें: 56 साल की हुईं पूनम ढिल्लों, बर्थडे पार्टी की इन तस्वीरों संग जानिए कुछ और भी रोचक बातें

अरशद ने साल 1987 में 'ठिकाना' और 'काश' जैसी फ़िल्मों के लिए महेश भट्ट के साथ बतौर असिस्टेंट भी काम किया था। अरशद को शुरू से ही डांसिंग और कोरियोग्राफी में दिलचस्पी थी। साल 1993 में उनको 'रूप की रानी चोरों का राजा' का टाइटल ट्रैक कोरियोग्राफ करने का मौका मिला था। अरशद ने बतौर अभिनेता अपने फ़िल्मी कैरियर की शुरुआत साल 1996 में फ़िल्म 'तेरे मेरे सपने' से की थी। यह फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस फ़िल्म का ऑफर उन्हें जया बच्चन ने दिया था।

इसके बाद अरशद ने कई फ़िल्मों में काम किया, मगर बॉलीवुड में पहचान उन्हें साल 2003 में आई फ़िल्म 'मुन्नाभाई एमबीबीएस' और साल 2006 में आई फ़िल्म 'लगे रहो मुन्ना भाई' से मिली। इसमें निभाये गए सर्किट के किरदार ने अरशद को सभी का चहेता बना दिया। अरशद को इस फ़िल्म के लिए फ़िल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। साल 2013 में आई फ़िल्म 'जॉली एलएलबी' के लिए भी अरशद को खूब तारीफें मिलीं। जिसके सीक्वल्स 'जॉली एलएलबी2' में सुपरस्टार अक्षय कुमार ने अरशद को रिप्लेस किया!

राजू हिरानी की फ़िल्मों से हिट होने के बाद वह निर्देशक रोहित शेट्टी की गोलमाल सीरीज़ में नज़र आये। जिसमें दर्शकों ने उन्हें बेहद पसंद किया। अरशद सिर्फ कॉमिक रोल ही बल्कि इंटेंसिव रोल भी बेहद उम्दा तरीके से अदा करते हैं, यह उन्होंने फ़िल्म ‘इश्किया’ और ‘डेढ़ इश्किया’ में साबित कर दिखाया है। इन दोनों ही फ़िल्मों में उनके द्वारा निभायी गयी भूमिका आलोचकों और दर्शकों द्वारा सराही गयी थी।

यह भी पढ़ें: संजय दत्त, माधुरी दीक्षित, आलिया और वरुण धवन की फ़िल्म ‘कलंक’ का पहला और रहस्यमयी पोस्टर जारी, यहां देखें

अरशद ने अपने कैरियर के शुरूआती दिनों 1999 में ही शादी कर ली थी! उनकी पत्नी मारिया गोरेट्टी एक वीजे हैं। दोनों की मुलाकात अरशद की डांस एकेडमी में हुई थी। इस दम्पति के दो बच्चे हैं। एक बेटा और एक बेटी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।