श्रीदेवी की 'चालबाज़' यादें, फ़िल्म 'मॉम' के समय अन्नू कपूर से की थी ये रिक्वेस्ट मगर...
अन्नू ने इस बात पर भी अफसोस जताया कि श्रीदेवी अपनी बेटी जाह्नवी की फ़िल्म रिलीज़ होते नहीं देख पायीं।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। अन्नू कपूर ने श्रीदेवी के साथ कई फ़िल्मों में साथ काम किया है। खासतौर से फ़िल्म 'चालबाज' का ददा का उनका किरदार हमेशा याद किया जायेगा। आपको बता दें कि बॉलीवुड के अन्य सदस्यों की तरह अन्नू कपूर भी गहरे सदमे में हैं।
अन्नू कपूर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा है कि श्रीदेवी का जाना बड़ी क्षति है, पूरे देश की क्षति है। हमारी पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री के लिए यह आघात है। अन्नू कपूर ने अमिताभ बच्चन की ट्वीट की बात करते हुए कहा कि उन्हें शायद आभास हो गया था। अन्नू ने आगे कहा है कि 'मिस्टर इंडिया' और पंकज पराशर ने 'चालबाज' बनायी थी। दोनों में ही मैं था, वह श्रीदेवी के करियर की आइकॉनिक फ़िल्में रही हैं। श्रीदेवी काफी प्रोफेशनल एक्टर थीं। बहुत रिजर्व रहती थीं। मिलनसार तो थीं ही लेकिन, रिजर्व भी थीं। एक जमाना था हमारी फ़िल्म इंडस्ट्री में कि वह काफी शालीनता से मिलती थीं। लेकिन बहुत रिजर्व होती थीं, उनको घमंड नहीं था। श्रीदेवी काफी मेहनती और समर्पित रही हैं। अन्नू कपूर का मानना है कि दक्षिण भारत से जो भी अभिनेत्री फ़िल्म इंडस्ट्री में आयीं, सब अपने अपने काम में प्रति समर्पित रही हैं।
यह भी पढ़ें: ज़िंदगी भर का सदमा देकर अंधेरे में गुम 'चांदनी', श्रीदेवी के निधन से सकते में बॉलीवुड
अन्नू कपूर ने एक राज़ यह भी खोला कि श्रीदेवी की चाहत थी कि वह फ़िल्म 'मॉम' एक रोल करें। लेकिन अन्नू कपूर किसी कारणों से कर नहीं पाये थे। इस बात का उनको अफसोस रहेगा। अन्नू ने इस बात पर भी अफसोस जताया कि श्रीदेवी अपनी बेटी जाह्नवी की फ़िल्म रिलीज़ होते नहीं देख पायीं।
वहीं 'चालबाज' में ही श्रीदेवी की सह कलाकार रहीं रोहिणी हट्टगंड़ी ने कुछ दिनों पहले ही जागरण डॉट कॉम से बातचीत में फ़िल्म से जुड़ा एक किस्सा याद करते हुए बताया था कि फ़िल्म के क्लाइमेक्स के एक दृश्य में रोहिणी के किरदार अंबा को अपने बाल बिगाड़ने थे और अपना मेकअप बिगाड़ना था। फ़िल्म के निर्देशक ने यह आजादी रोहिणी को दे रखी थी कि वे अपने मन मुताबिक अपने लिए विग ले सकती हैं और सीन में उन्हें अपने बाल बिगाड़ कर ही जाना है। रोहिणी ने फ़िल्म में अपने लुक के लिए सारे मेकअप प्रोडक्ट्स की खरीदारी खुद से ही की थी। लेकिन, क्लाइमेक्स के दृश्य में जिस तरह पंकज को मेकअप बिगड़ा हुआ चाहिए था, रोहिणी की विग में वह परफेक्शन नहीं आ रहा था। विग का आइडिया काम नहीं कर रहा था। लिहाज़ निर्देशक पंकज भी परेशान थे और रोहिणी भी। तब श्रीदेवी उनके पास आयीं और उन्होंने बोला कि क्या मैं सीन में खुद उनके बाल बिगाड़ने की कोशिश करूं? फिर पंकज ने श्रीदेवी को ही वह जिम्मेदारी दे दी। और वाकई में श्रीदेवी ने उनके बाल और मेकअप ठीक उसी अंदाज में बिगाड़ा जैसा पंकज को चाहिए था।
यह भी पढ़ें: बेटियां जाह्नवी कपूर और ख़ुशी कपूर से थी ख़ास बॉन्डिंग, देखिये श्रीदेवी की कुछ अनदेखी तस्वीरें
रोहिणी बताती हैं कि यह श्रीदेवी की खासियत थी कि वह कैमरे के आॅन होते ही अलग ही दुनिया में चली जाती थीं और उनकी कॉमिक टाइमिंग से मैच करना काफी कठिन था।