'हमें अपना घर भी चलाना...', टाइपकास्ट होने पर अनिल चरणजीत ने तोड़ी चुप्पी, PK करने से झिझक रहे थे एक्टर
अभिनेता अनिल चरणजीत ने अपनी कॉमेडी अभिनेता की छवि और टाइपकास्ट होने पर बात की है। उन्होंने बताया कि कैसे वह 'पार्टी एनिमल्स' में गुंडे की भूमिका निभा रहे हैं और 'पीके' जैसी फिल्मों के लिए भी झिझकते थे, लेकिन अब अपने काम से संतुष्ट हैं।

टाइपकास्ट होने पर अनिल का रिएक्शन। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम
HighLights
अनिल चरणजीत ने कॉमेडियन की छवि पर की बात
'पार्टी एनिमल्स' में गुंडे का किरदार निभाते आए नजर
'पीके' जैसी फिल्मों के छोटे रोल करने से झिझकते थे
दीपेश पांडेय, मुंबई। सरफिरा, सर्कस और सूर्यवंशी फिल्मों के अभिनेता अनिल चरणजीत (Anil Charanjeett) को हिंदी सिनेमा में ज्यादातर कॉमेडी भूमिकाओं में देखा गया है। हालांकि, उनका कहना है कि अभी उनके अंदर काफी कला बाकी है, जो लोगों ने नहीं देखी है।
अनिल आज (20 नवंबर) प्रदर्शित हो रही फिल्म पार्टी एनिमल्स (Party Animals) में गुंडे की भूमिका में नजर आएंगे। अपनी कॉमेडी अभिनेता की छवि पर अनिल कहते हैं, "एक फिल्म आई थी, जिसका नाम था 'द एक्सीडेंटल
प्राइम मिनिस्टर'। अगर मैं अपने बारे में कहूं तो बतौर कलाकार मेरे ऊपर भी एक्सीडेंटल कॉमेडियन का टैग लग गया।"
स्कूल से ही फिल्मों में काम कर रहे एक्टर
अनिल चरणजीत ने आगे कहा, "जब मैं स्कूल में था तो उस समय मैंने करीब 35 से 40 शॉर्ट फिल्में की थी। यकीन मानिए, उनमें से एक भी फिल्म कामेडी नहीं थी। ये सिलसिला फिल्म हंसी तो फंसी से शुरू हुआ, उसमें मेरा काम देखकर इंडस्ट्री में लोगों ने सोचा कि कोई नया कॉमेडियन आया है। हालांकि, मैं स्वयं को कभी कमतर नहीं आंकता हूं, मुझे लगता है कि मेरे अंदर अभी बहुत सी चीजें बाकी हैं।"
टाइपकास्ट होने पर बोले एक्टर
अनिल कॉमेडी में भी विविधता दिखाने का प्रयास करते हैं। उनका कहना है, "अगर आपको इस इंडस्ट्री के मैदान में बने रहना है, तो सामने से आ रहे सिर्फ कॉमेडी भूमिकाओं को भी टाइपकास्ट होने की तरह नहीं देखना है। उसमें भी मैं देखता हूं कि मैं पिछली भूमिका से क्या नया कर सकता हूं। उदाहरण के लिए फिल्म 'किस किस को प्यार करूं 2' में मैंने भोपाली शैली में बातचीत की है।

पार्टी एनिमल्स में एकदम मुंबई वाली शैली है। सूर्यवंशी में मराठी व्यक्ति की भूमिका निभाई थी। वैसे भी हमारे पास ज्यादा विकल्प नहीं होते हैं। हमें अपना घर भी चलाना होता है। इसलिए जो मिलता है, उसे ही बहुत अच्छी तरह से करने की कोशिश करते हैं। साल 2015 में मेरी एक शॉर्ट फिल्म 'फक्र है' आई थी।
उसमें मैंने थोड़ा अलग किस्म के पाकिस्तानी जेहादी की भूमिका निभाई थी। मेरी वो शॉर्ट फिल्म भी बहुत देखी गई थी। तब हमारे यहां वारयल शब्द इतना प्रचलित नहीं था। आज की भाषा में कहें तो वो खूब वायरल हुआ था।
इन फिल्मों को करने से झिझक रहे थे एक्टर
बतौर कलाकार कई बार आप छोटा या बड़ा प्रोजेक्ट तो देखते हैं, लेकिन आपको पता नहीं होता है कि कौन सा प्रोजेक्ट कब तक चलता रहेगा और लोग उसे याद रखेंगे। कुछ फिल्मों के ऑफर मिलने बाद कई बार मेरे दिमाग में भी यह आया कि अरे, इसमें तो मेरा एक ही सीन है, करूं या न करूं। जैसे सूर्यवंशी में मेरा एक ही सीन, पीके में जब मैं आईने के सामने खड़ा हुआ तो मुझे लगा था कि मुझे कोई पहचानेगा ही नहीं। फिर मैंने उन्हें किया और आज भी लोगों को मेरे वो काम याद हैं, उनके बारे में बातें करते हैं।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।