'सिर्फ मार्केटिंग से फिल्में...', Ramayana की सफलता पर बोले अमित साध; रील्स बनाने वालों पर कसा तंज
अमित साध जल्द ही फिल्म प्रताप में दिखाई देंगे। हालांकि, इस बीच ही अभिनेता ने रामायणम् की सक्सेस से लेकर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने तक को लेकर रिएक्ट किया है।

रामायणम् की सक्सेस पर बोले अमित साध/ फोटो- इंस्टाग्राम
HighLights
अमित साध बोले- जोकर बनकर सड़कों पर नहीं उतरता
प्रताप में एनकाउंटर स्पेशलिस्ट बने अभिनेता
रामायणम् की सफलता पर किया रिएक्ट
प्रियंका सिंह, मुंबई। इंटरनेट मीडिया पर रील्स बनाने या लगातार खुद को प्रमोट करने के बजाय अभिनेता अमित साध अपनी फिल्मों को प्रमोट करने और अपना काम करने पर ध्यान देना पसंद करते हैं। आज (20 नवंबर) थिएटर में रिलीज हो रही फिल्म प्रताप में अमित एंकाउंटर स्पेशलिस्ट की शीर्षक भूमिका में हैं। हाल ही में अभिनेता ने इंटरनेट पर अपनी मौजूदगी को लेकर बात की।
रील्स बनाने को लेकर अमित साध के दो टूक
इंटरनेट मीडिया पर सक्रियता को लेकर वह कहते हैं, " मैं फिल्में करता हूं, रील्स नहीं बनाता हूं, न ही जोकर बनकर सड़कों पर घूमता हूं। मैं इस पर सक्रिय रहने वालों की निंदा नहीं करता। जिसे जो अच्छा लगता है, वह करे। मुझे यह सब करना नहीं आता। अगर मेरी फिल्म के निर्माता-निर्देशक कहेंगे, तो मैं फिल्म को प्रमोट करने के लिए कुछ चीजें पोस्ट कर दूंगा। लेकिन उसके अलावा मुझे लगता है कि हम सबका अपना एक व्यक्तित्व होता है और हमें उसके प्रति सच्चा रहना चाहिए।
जिन एक्टर्स से मैं प्रेरणा लेता हूं, उन्हें देखकर मुझे लगता है कि खुद को जाहिर करने के कई तरीके हो सकते हैं। दर्शक बहुत समझदार और स्वीकार करने वाले हैं। कभी-कभी आपको इस भरोसे के साथ खड़ा होना पड़ता है कि मैं जैसा हूं, वैसा ही काफी हूं।

प्रताप फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। रामायणम् जैसी बड़ी फिल्म भी सिनेमाघरों में चल रही है, ऐसे में क्या अपनी फिल्म के कलेक्शन को लेकर अमित को कोई चिंता है?
इस पर वह आगे कहते हैं, "मेहनत करने के बावजूद यह कोई नहीं बता सकता है कि कोई फिल्म चलेगी या नहीं। आज भी बहुत से दर्शक सिर्फ ट्रेलर देखकर फिल्म देखने, न देखने का फैसला कर लेते हैं। फिल्म का विषय भी मायने रखता है कि किसकी दिलचस्पी उसमें है। जहां तक बात है रामायणम् की, तो मुझे लगता है कि पूरी दुनिया को यह फिल्म देखनी चाहिए, जो देख भी रही है। यह हमारी कहानी है। उम्मीद है कि इसके बीच दर्शक मेरी फिल्म को भी मौका देंगे।"
सिर्फ मार्केटिंग से नहीं मिलती सफलता
अमित साध ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि सिर्फ मार्केटिंग से बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिलती है। इतिहास उठाकर देख लीजिए, जिन फिल्मों का सबसे ज्यादा प्रचार हुआ है, जरूरी नहीं कि वे सफल रही हों। दर्शकों का मूड और फिल्म की रिलीज का समय भी बहुत मायने रखता है। हर फिल्म की कहानी, बजट और जरूरत अलग होती है। हमें अपना काम करना है और उम्मीद करनी है कि फिल्म अच्छा प्रदर्शन करे।

कहीं से कॉपी नहीं किया गया लुक
फिल्म प्रताप में अमित के लुक ने उन्हें राम गोपाल वर्मा के फिल्मों के किरदारों की याद दिला दी। अमित कहते हैं कि प्रताप फिल्म में मेरा लुक पूरी तरह से ओरिजिनल है। स्क्रीनप्ले और कहानी भी बिल्कुल नई है। यह लुक कहीं से कॉपी नहीं किया गया है। हालांकि, अगर राम गोपाल वर्मा की बात करूं तो मेरे लिए वह भारतीय सिनेमा के अल्फ्रेड हिचकॉक (फिल्मकार) हैं। बड़े-बड़े फिल्मकारों ने अल्फ्रेड हिचकॉक से कुछ न कुछ सीखा होगा।
मैंने राम गोपाल वर्मा के साथ सरकार 3 फिल्म में काम किया था। आरजीवी भी ऐसे निर्देशक हैं, जिनसे दूसरे निर्देशक ने कुछ न कुछ न सीखा होगा। मैंने कई निर्देशकों के काम में उनकी झलक देखी है।
यह भी पढ़ें- एनकाउंटर स्पेशलिस्ट या कैदी? 15 साल बाद 'प्रताप' के जरिए कमबैक करेंगी एशा देओल, फिल्म का ट्रेलर हुआ जारी
यह भी पढ़ें- मुकीम काला गैंग का काल बने थे निरीक्षक सुनील कुमार, अब UP Police सुनाएगी उनकी शौर्यगाथा; फिल्म 'वर्दी' रिलीज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।