Box Office:गोल्ड 100 करोड़ से बस इतनी दूर, आठवें दिन सत्यमेव जयते की भी चांदी
इन दोनों फिल्मों को हालांकि इस हफ़्ते रिलीज़ हो रही सोनाक्षी सिन्हा की हैप्पी फिर भाग जायेगी और अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी जीनियस से कोई बड़ा ख़तरा तो नहीं है लेकिन...
मुंबई। इस 15 अगस्त पर रिलीज़ हुई जॉन अब्राहम-मनोज बाजपेई की सत्यमेव जयते और अक्षय कुमार की गोल्ड ने आठवें दिन अपने कलेक्शन में अच्छा जम्प करते हुए कमाई को बढ़ा लिया है। गोल्ड अब 100 करोड़ के लक्ष्य में सही राह पर है जबकि सत्यमेव जयते को भी बड़ी कमाई की उम्मीद जगी है।
रीमा कागती के निर्देशन में और स्वतंत्र भारत के पहले हॉकी ओलम्पिक गोल्ड की कहानी पर बनी फिल्म गोल्ड ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर बुधवार यानि आठवें दिन करीब छह करोड़ रूपये की कमाई की है। ये सोमवार और मंगलवार के चार करोड़ से अच्छा प्रदर्शन रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण बकरीद की छुट्टी है। हालांकि फिल्म को इस दिन जितने कलेक्शन की उम्मीद थी उतना नहीं हो पाया।
गोल्ड को अब तक 85 करोड़ 30 लाख रूपये की कमाई हो चुकी है। यानि इस वीकेंड में अक्षय कुमार को एक और 100 करोड़ मिलना तय है।
अक्षय कुमार की इस फिल्म ने पहले दिन 25 करोड़ 25 लाख रूपये का कलेक्शन किया था और पहले वीकेंड (शुक्रवार से रविवार) में 37 करोड़ 95 लाख रूपये का। करीब 80 करोड़ रूपये में बनी और 3000 से अधिक स्क्रीन्स में रिलीज़ हुई गोल्ड इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है और अक्षय कुमार के करियर में पहले दिन सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म ।
फिल्म की कहानी साल 1948 में लंदन में हुए ओलम्पिक गेम्स में भारतीय हॉकी टीम के स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में हॉकी का पहला ओलम्पिक गोल्ड लाने की है। गोल्ड में अक्षय कुमार उसी भारतीय हॉकी टीम के ज्वॉइंट मैनेजर तपन दास की भूमिका में हैं। साथ में मौनी रॉय, कुणाल कपूर, विनीत कुमार सिंह और अमित साध भी हैं।
पहले दिन ही बड़ा सरप्राइज़ दे गई जॉन अब्राहम और मनोज बाजपेई की फिल्म सत्यमेव जयते ने बुधवार को बड़ा उछाल लिया है। पिछले दो दिनों से तीन करोड़ प्लस में फंसी मिलाप ज़वेरी निर्देशित इस फिल्म को बुधवार को छह करोड़ 67 लाख रूपये की कमाई हुई। बकरीद की छुट्टी ने इस फिल्म को भी एक दिन पहले के कलेक्शन से तीन करोड़ का फ़ायदा करवा दिया।
सत्यमेव जयते का घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर आठ दिन में कलेक्शन 71 करोड़ चार लाख रूपये हो चुका है। इस फिल्म के दूसरे वीकेंड तक 90 करोड़ के करीब तक पहुँचने की पूरी उम्मीद है।
एक हफ़्ते में 64 करोड़ 46 लाख रूपये का कलेक्शन करने वाली सत्यमेव जयते ने 20 करोड़ 52 लाख रूपये से ओपनिंग ली थी और पहले वीकेंड 28 करोड़ 47 लाख रूपये की कमाई की थी। इन दोनों फिल्मों को हालांकि इस हफ़्ते रिलीज़ हो रही सोनाक्षी सिन्हा की हैप्पी फिर भाग जायेगी और अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी जीनियस से कोई बड़ा ख़तरा तो नहीं है लेकिन सत्यमेव जयते के लिए 100 करोड़ क्लब में शामिल होना बड़ी चुनौती होगा।
ये फिल्म करीब 2000 स्क्रीन्स में रिलीज़ हुई और एडल्ट सर्टिफिकेट पाने के बाद भी अब तक अच्छा कर गई है । जॉन अब्राहम और मनोज बाजपेई की सत्यमेव जयते भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अपनी तरह की जंग है।
यह भी पढ़ें: Box Office: सत्यमेव जयते और गोल्ड का हफ़्ता पूरा, जानिये कौन निकला खरा सोना