यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 23, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी चुनाव : इलाहाबाद के फूलपुर में सपा प्रत्याशी की पत्नी ने मतदाता को पीटा, तनाव
इलाहाबाद के फूलपुर में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की पत्नी ने महिला मतदाता के साथ मारपीट की तो वहां पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। फिलहाल वहां पर पुलिस तैनात है।

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में सत्रहवीं विधानसभा के गठन के लिए आज चौथे चरण का मतदान हुआ। इसमें 12 जिलों की 53 सीट पर मतदान के दौरान फायरिंग के साथ मारपीट की घटनाएं भी हुईं। इलाहाबाद के फूलपुर में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की पत्नी ने महिला मतदाता के साथ मारपीट की तो वहां पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। फिलहाल वहां पर पुलिस तैनात है।
इलाहाबाद के फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के विजयलक्ष्मी पंडित कालेज स्थित मतदान केंद्र में सपा प्रत्याशी मंसूर आलम की पत्नी ने महिला मतदाता से की मारपीट। इस घटना से तनाव हो गया है। बड़ी संख्या में फोर्स जोनल मजिस्ट्रेट की अगुवाई में पहुंची। प्रत्याशी की पत्नी इसी बूथ पर बतौर एजेंट के रूप में काम कर रही थी। इलाहाबाद के ही मेजा विधानसभा क्षेत्र के अधवरिया व परानीपुर में सपा तथा भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प हुई। यहां के परानीपुर में पथराव भी हुआ। पीएसी-पुलिस फोर्स आने के बाद स्थिति सामान्य हुई। मतदान थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुआ।
प्रतापगढ़ में प्रमोद तिवारी और अक्षय प्रताप नजरबंद
प्रतापगढ़ में राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी तथा एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह को मतदान के दिन नजर बंद कर लिया गया है। दोनों के विरूद्ध मतदान को प्रभावित करने की शिकायत मिली थी। एएसपी नीरज पांडेय ने कहा कि दोनों नेताओं को घर में ही रहने के लिए कहा गया है। दोनों अपने आवास पर है। वहाँ पुलिस तैनात है।
