Move to Jagran APP

UP Assembly Election: भाजपा का आरोप, सपा सरकार में गरीबों के धन की लूट

भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों का निशाना सपा, कांग्रेस और बसपा हैं। उनका माना है कि सपा सरकार में गरीबी हटाओ के नाम पर चली योजनाओ में धन की लूट की गई है।

By Nawal MishraEdited By: Published: Sat, 25 Feb 2017 07:04 PM (IST)Updated: Sat, 25 Feb 2017 10:14 PM (IST)
UP Assembly Election: भाजपा का आरोप, सपा सरकार में गरीबों के धन की लूट
UP Assembly Election: भाजपा का आरोप, सपा सरकार में गरीबों के धन की लूट

लखनऊ (जेएनएन)। चुनाव अभियान में उतारी भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों की फौज का निशाना सपा, कांग्रेस और बसपा हैं। उनका माना है कि अखिलेश सरकार कानून-व्यवस्था के मामले में विफल है। सपा सरकार में गरीबी हटाओ के नाम पर चली योजनाओ में धन की लूट की गई है। वह सपा सरकार की विफलताएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाकर लोगों से भाजपा को जिताने की अपील कर रहे हैं। उनका दावा है कि चुनाव बाद पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। सपा-कांग्रेस अपरिपक्व युवाओं का गठबंधन है।

loksabha election banner
राहुल ने अमेठी को छला : स्मृति
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जिले की सभाओं में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल झूठ बोलते हैं। अमेठी के विकास में सबसे अधिक बाधा अगर किसी ने डाली है तो खुद कांग्रेस ही है। राहुल गांधी  पर अमेठी को छलने का आरोप लगाते हुए स्मृति ने कहा कि सिर्फ शिलान्यास कर देने भर से कुछ नहीं होता है। राहुल की मंशा अमेठी को विकसित करने की होती तो वह शिलान्यास नहीं बल्कि योजनाओं का शुभारंभ करते। जनता को गुमराह करने के लिए राहुल ने सिर्फ हवा में बातें की और जमीन पर जनता आज भी बदहाली का जीवन जीने को मजबूर है। भाजपा मंत्री ने कहा अमेठी राज्य के सबसे पिछड़े जिलों में से एक है। नरेंद्र मोदी सरकार पर आरोप लगाने वाले राहुल गांधी ने अमेठी जनता के साथ धोखा किया है। कहा, जमीन ली पर उद्योग नहीं लगाए और न ही अब जब जनता जमीन वास मांग रही है तो उसे जमीन ही दे रहे हैं। अमेठी के टीकरमाफी जनसभा को संबोधित करते हुए सपा सरकार के मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर निशाना साधा। प्रदेश की जनता नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है।
सपा-कांग्रेस को सिर्फ सरकार बनाने की चिंता : गडकरी 
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने देवरिया के भलुअनी जनसभा में कहा कि गरीबी हटाओ के नाम पर चली योजनाओ में धन की लूट हुई है। कांग्रेस ने देश को एक परिवार के हाथ गिरवी रख दिया है। सपा-कांग्रेस ने परिवारवाद को बढ़ावा दिया है। क्या यही लोहिया का समाजवाद है। सपा वाले लाल टोपी पहनकर जेब लाल कर रहे है। सपा-कांग्रेस को प्रदेश व देश की चिंता नहीं। सिर्फ सरकार बनाने की चिंता। प्रदेश के विकास के नाम पर धन की लूट हुई। किसान, व्यापारी, मजदूर सभी तबाह है। सपा सरकार जाति व धर्म की राजनीति कर रही है। समाज को बांटकर सत्ता चलाना चाहती है। भाजपा प्रदेश की तस्वीर बदलना चाहती है।
प्रशिक्षु नहीं तय कर सकते प्रदेश का भविष्य 
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने फैजाबाद व बलरामपुर की जनसभाओं में कहा कि प्रशिक्षु और अपरिपक्व प्रदेश का भविष्य नहीं तय कर सकते। ऐसे लोगों के हाथ में प्रदेश की बागडोर जाना खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने कहा कि यह हम नहीं बल्कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री शीला दीक्षित स्वीकार कर रही हैं कि राहुल गांधी अभी परिपक्व नहीं हैं और अखिलेश यादव स्वयं यह कह रहे हैं वे राजनीति में अभी ट्रेंड हो रहे हैं। जाहिर है कि ऐसे अनुभवहीन लोग प्रदेश का बेड़ा गर्क कर सकते हैं। इतना ही नहीं जिस साइकिल पर राहुल कूद कर बैठे हैं, उसे मुलायम सिंह ने पहले से ही पंक्चर कर दिया है, शिवपाल ने उसकी चेन और पैडिल तोड़ दी है और अब यह साफ है कि साइकिल चलने वाली नहीं है।

विकास के नाम पर चुनाव लड़ रही भाजपा 

केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव विकास व सुशासन के नाम पर लड़ रही है। प्रधानमंत्री व सरकार द्वारा जनहित में जो कदम उठाया गया है उसका लाभ सीधे जनता को मिल रहा है। केंद्र के साथ-साथ यदि प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनी तो संपूर्ण प्रदेश का विकास होगा। महराजगंज  में पत्रकारों से अनंत कुमार ने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है। अन्य पार्टियों के शासन में पहले खाद के लिए केंद्रों पर लाइन भी लगती थी व किसानों को लाठियां भी खानी पड़ती थीं। भाजपा के सत्ता में आने के बाद ऐसा कुछ नही हो रहा। जनता समितियों व केंद्रों पर खाद लेने जाती है तथा आराम से खाद लेकर घर जाती है। अनंत कुमार ने कहा कि सपा व बसपा ने अपने शासन में धन का दुरुपयोग किया है। विकास के नाम पर जनता को छला है। भाजपा ने आमजन के हित में जनधन योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं को शुरू किया है, जिसका सीधा लाभ आम जन को मिल रहा है। इसका लाभ अब चुनाव में मिल रहा है।

यह भी पढ़ें-गायत्री प्रजापति मामले में दुष्कर्म पीडि़ता ने दर्ज कराए बयान

जनता नोटबंदी पर लगा रही मुहर : रविशंकर 

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने महाराष्ट्र और उड़ीसा के चुनावों में भाजपा की अच्छी जीत का हवाला देते हुए कहा कि जनता ने मोदी सरकार की नोटबंदी पर मुहर लगानी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र में काफी संख्या में पूर्वांचल और इससे सटे बिहार के लोगों की तादाद है। वहां निकाय चुनावों में भाजपा की जीत से पूर्वांचल के मिजाज का अंदाजा बखूबी लग रहा है कि यहां के मतदाता भाजपा के साथ हैं। पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए बनारस पहुंचे केंद्रीय मंत्री पत्रकारों से बोले, यूपी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। पीडि़तों की रिपोर्ट लिखवाने के लिए थाने का चक्कर लगाना पड़ता है। बावजूद इसके उनकी नहीं सुनी जाती है तो एफआइआर दर्ज कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट की शरण लेनी पड़ती है। इन हालातों में अखिलेश यादव डायल 100 का मजाक बंद करें। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.