UP election : केशव बोले चौपट राजा अखिलेश ने उत्तर प्रदेश को बनाया अंधेरनगरी
भाजपा ने अखिलेश सरकार को प्रदेश में व्याप्त अंधेरगर्दी का जिम्मेदार ठहराया और कहा कि अखिलेश जैसे चौपट राजा के चलते उत्तर प्रदेश अंधेर नगरी बन गया है।
By Nawal MishraEdited By: Published: Mon, 06 Mar 2017 10:05 PM (IST)Updated: Mon, 06 Mar 2017 11:01 PM (IST)
लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा ने भगोड़े मंत्री, राजधानी में खुलेआम हुई सबसे बड़ी डकैती, 1090 से मायूस बच्चियों, गो-तस्करों के बुलंद हौसले और पांच लाख शिक्षकों को वेतन देने में लाचार अखिलेश सरकार को प्रदेश में व्याप्त अंधेरगर्दी का जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि अखिलेश जैसे चौपट राजा के चलते उत्तर प्रदेश अंधेर नगरी बन गया है।
सोमवार को जारी बयान में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ही अमन और चैन ला सकती है। मौर्य ने कहा कि प्रदेश में जंगल राज कायम है और राजधानी में कोतवाली से महज चंद कदम की दूरी पर खुलेआम 15 करोड़ की डकैती हुई लेकिन, पुलिस की कुंभकर्णी नींद नहीं टूटी।
केशव ने कहा कि यह कितनी विडंबना है कि सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी मंत्री चुनाव में प्रचार कर गायब हो जाता है और राज्यपाल को पूछना पड़ता है कि आरोपी मंत्री को मुख्यमंत्री ने अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया। केशव ने कहा कि गायत्री प्रजापति वह मोहरा है जिसके दिल में अखिलेश राज के काले कारनामे दफन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश राज में गोकशी हो रही है और वह वोट साधने के चक्कर में उप्र की पवित्र भूमि को गो रक्त से सिंचित करने का महापाप कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- दूसरे-तीसरे स्थान को लड़ रहे पीएम-सीएम : मायावती
स्वाति ने डिंपल से मांगा जवाब
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष स्वाति सिंह ने सपा सांसद डिंपल यादव के बयान का जवाब देते हुए सवाल किया कि महिला होकर भी डिंपल महिला उत्पीडऩ के मुद्दे पर खामोश क्यों हैं। स्वाति सिंह ने कहा कि डिंपल अखिलेश राज में हुए महिला उत्पीडऩ पर बयान दें और बताएं कि आखिर वह कौन कारण हैं जिस वजह से दुष्कर्म के गंभीर आरोप के बाबजूद गायत्री प्रसाद प्रजापति आपकी सरकार के मंत्रिमंडल में अब तक हैं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें