यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 28, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी चुनाव 2017: सीएम अखिलेश यादव ने कहा, पीएम मोदी को यूपी में पूर्ण बहुमत का भरोसा नहीं
अखिलेश यादव ने आजमगढ़ के फूलपुर पवई में कहा कि जैसे-जैसे उत्तर प्रदेश में चुनाव का चरण आगे बढ़ रहा ...और पढ़ें

आजमगढ़ (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ मेें सात चुनावी सभा करने पहुंचे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निशाने पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे। उत्तर प्रदेश विधानसभा के छठे चरण में आजमगढ़ में मतदान चार मार्च को होना है। अखिलेश यादव ने आजमगढ़ के फूलपुर पवई में कहा कि जैसे-जैसे उत्तर प्रदेश में चुनाव का चरण आगे बढ़ रहा है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी को लेकर अपना विश्वास खोते जा रहे हैं।
पहले तो प्रधानमंत्री तीन सौ से अधिक सीट जीतने के साथ ही पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की बात करते थे, लेकिन आजकल तो गठबंधन पर उतर आए हैं। पीएम पहले कहते थे कि हम 300 सीटें जीतने वाले हैं, अब कहते हैं कि गठबंधन वाली सरकार बनने वाली है।
सीएम अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र में सरकार है, लेकिन इन लोगों ने उत्तर प्रदेश की अनदेखी की है। प्रधानमंत्री के साथ ही एक दर्जन से अधिक मंत्री उत्तर प्रदेश से हैं, लेकिन कोई विकास के काम को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गंगा मैया के आशीर्वाद से जीत गए। पीएम जब काशी गए तो कहा गंगा मैया ने बुलाया है, लेकिन उसके बाद मैया को भूल गए। अखिलेश ने कहा कि हमने एक विज्ञापन की चर्चा कर दी तो लोग गधे की विशेषता बताने लगे। हमे नही जानना गधे की विशेषता, हमने तो सिर्फ एक विज्ञापन की शिकायत की थी। एक मंत्री ने कहा मुख्यमंत्री को गधे की विशेषता नही पता।
अखिलेश यादव गोरखपुर के सांसद योगी पर भी बरसे, कहा कि बाबा को अगर ये देखना है कि बिजली आ रही है या नही तो बिजली का तार पकड़ कर देख लें बिजली आ रही है या नही। भाजपा ने आजमगढ़ के लिए बीजेपी ने कोई बड़ा काम किया हो तो हमे बता दें।
सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने नौजवानों को रोजगार देने का काम किया है और लैपटॉप बाँट कर लोगों को साक्षर बनाया है और सरकार आने पर लोगों स्मार्टफोन दिया जाएगा। नोटबंदी के दौरान कई मौत हो गई समाजवादी लोगों ने दो लाख रूपये मुआवजा दिया। पीएम नोटबंदी के मामले में गुमराह करते हैं। सीएम अखिलेश यादव ने पीएम को खुलेआम चुनौती दी की जहाँ चाहें बहस कर लें।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब विदेशों में भी समाजवादी पार्टी की हवा चल रही है तो आजमगढ़ को पता क्यों नहीं होगा । पहले तीन सौ सीट जीतने का दावा करने वाले लोग मऊ आते-आते हताश होकर गठबंधन की सरकार बनने की बात करने लगे। कोई रुपया काला-सफेद नही होता बल्कि उसका लेन देन काला सफेद होता है। काले धन के नाम पर देश को गुमराह करते हुए नोटबंदी कर भाजपा ने पूरे देश की अर्थव्यवस्था खराब कर दी। रेडियो व टीवी पर मन की बात करने वाले काम की बात नही करते। बसपा प्रमुख मायावती पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि कहने को तो वो हमारी बुआ हैं मगर रक्षाबंधन बीजेपी से करती हैं। उनसे बहुत सावधान रहने की जरूरत है।
