Loksabha Election : यह मुकाबला बेहद खास, दो पूर्व सीएम के प्रिंसिपल सेक्रेटरी आमने-सामने
Loksabha Election 2019 में पंजाब में कई सीटों पर रोचक मुकाबले होंगे। फतेहगढ़ साहिब सीट पर दो पूर्व नौकरशाह में मुकाबला होगा।
चंडीगढ़, जेएनएन। Loksabha Election 2019 में पंजाब की कई सीटों पर बेहद रोचक मुकाबले होंगे। कांग्रेस ने शनिवार को तीन और प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। इन सीटों में फतेहगढ़ साहिब भी शामिल है। फतेहगढ़ साहिब से अकाली दल ने भी पूर्व आइएएस अधिकारी दरबारा सिंह गुरु को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर अब दो पूर्व आइएएस अधिकारी आमने-सामने होंगे। यहां से पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के प्रिंसिपल सेक्रेटरी रहे दरबारा सिंह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी रहे डॉ. अमर सिंह के बीच मुकाबला होगा।
बता दें कि कांग्रेस ने शनिवार को तीन सीटों के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। पार्टी ने फतेहगढ़ साहिब से पूर्व आइएएस अधिकारी डॉ. अमर सिंह, खडूर साहिब से जसबीर सिंह गिल डिंपा और फरीदकोट से मोहम्मद सदीक को मैदान में उतारने का ऐलान किया था।
पूर्व आइएएस अधिकारी दरबारा सिंह गुरु व डॉ. अमर सिंह में होगा मुकाबला
पंजाब कैडर के सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी दरबारा सिंह गुरु पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के प्रिंसिपल सेक्रेटरी रह चुके हैैं। वहीं, डॉ. अमर सिंह मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के प्रिंसिपल सेक्रेटरी थे। मध्य प्रदेश कैडर के आइएएस अधिकारी रहे अमर केंद्र की डॉ. मनमोहन सिंह सरकार में भी कई महत्वपूर्ण विभागों में रहे हैैं।
बादल के प्रिंसिपल सेक्रेटरी थे गुरु, जबकि अमर सिंह मप्र के पूर्व सीएम दिग्विजय के
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ दिल्ली में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ और प्रदेश प्रभारी आशा कुमारी की बैठक हुई। इसमें तीन सीटों पर तो सहमति बन गई, लेकिन बाकी चार सीटों बठिंडा, संगरूर, फिरोजपुर व आनंदपुर साहिब पर कोई फैसला नहीं हो सका। छह प्रत्याशियों के नाम पार्टी पहले ही घोषित कर चुकी थी। इस तरह प्रदेश की 13 सीटों में से नौ प्रत्याशियों की घोषणा की जा चुकी है।
यह भी पढ़ें: 1989 में पिता ने NDA में किया था टॉप, अब 2019 में बेटा बना UPSC का यंगस्ट उम्मीदवार
मो. सदीक और अमर सिंह 2017 में विधानसभा चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे। डिंपा को टिकट नहीं मिली थी। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर के करीबी डिंपा 2002 में ब्यास से विधायक बने थे। खडूर साहिब को पंथक सीट माना जाता है। इससे पहले तरनतारन सीट थी जो अब खडूर साहिब हो गई है। 1977 से यहां शिअद को जीत मिलती रही है। इसलिए डिंपा के लिए चुनौती ज्यादा है।
अभी तक घोषित कांग्रेस प्रत्याशी
1. अमृतसर : गुरजीत औजला
2. गुरदासपुर : सुनील जाखड़
3. जालंधर : चौधरी संतोख सिंह
4. लुधियाना : रवनीत बिट्टू
5. पटियाला : परनीत कौर
6. होशियारपुर : राजकुमार चब्बेवाल
7. फरीदकोट : मोहम्मद सदीक।
8. फतेहगढ़ साहिब : अमर सिंह।
9. खडूर साहिब : जसबीर डिंपा
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें