विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MP Election 2023: कहीं फायरिंग तो कहीं चली तलवारें, मध्य प्रदेश चुनाव के बीच जमकर हुई हिंसा; कई लोग घायल

By AgencyEdited By: Mahen Khanna
Published: Fri, 17 Nov 2023 04:05 PM (IST)

MP Election 2023 मध्य प्रदेश में चुनाव के बीच कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं भी देखने को मिली है। ...और पढ़ें

MP Election 2023 मध्य प्रदेश में चुनाव के दौरान हिंसा।
MP Election 2023 मध्य प्रदेश में चुनाव के दौरान हिंसा।

एजेंसी, भोपाल। MP Election 2023 मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव जारी हैं। दोपहर 1 बजे तक लगभग 45 फीसद वोटिंग हो चुकी है। चुनाव के बीच कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं भी देखने को मिली है। कहीं फायरिंग तो कहीं पथराव हुआ है। इन घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं। 

मुरैना और भिंड में जमकर हुई हिंसा

चुनाव के दौरान कई मतदान केंद्रों पर पथराव भी हुआ, जिसमें मुरैना का दिमनी, भिंड का मनहद गांव शामिल है। इस हिंसा में कई लोग घायल हो गई। भिंड में तो भाजपा प्रत्याशी राकेश शुक्ला को ही चोट आ गई।

महू में चली तलवारें, कई घायल

मतदान के बीच महू में हिंसा भड़क गई। महू में तलवारबाजी की घटना देखने को मिली है। यहां दो लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है।

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा के लोग उनके पक्ष में वोट डालने का दबाव बना रहे थे। बडगोंदा टीआई कैलाश सोलंकी ने बताया दोनों पक्ष के लोग घायल है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

यह भी पढ़ें- MP Election 2023 Live: 'भाजपा की जगह किसी और को वोट दिया तो पाकिस्तान में मनेगा जश्न', मतदान के बीच बोले नरोत्तम मिश्रा

मेहगांव में अज्ञात लोगों की गोलीबारी में भाजपा उम्मीदवार घायल

भिंड के मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को अज्ञात व्यक्तियों ने भाजपा उम्मीदवार पर गोली चला दी। घटना में एक आप समर्थक भी घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।

मुरैना के दिमनी में पथराव और गोलीबारी

मुरैना के दिमनी में वोटिंग के दौरान मतदान केंद्र पर भारी हिंसा की बात सामने आई। यहां मतदान के दौरान पथराव और गोलीबारी हुई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।