Lok Sabha Election 2019 : जमशेदपुर आ सकते हैं योगी, अमित शाह के आने की उम्मीद कम
Lok Sabha Election 2019. भाजपा नेताओं के मुताबिक जमशेदपुर में योगी के आने की संभावना ज्यादा है शाह की उम्मीद कम।
जमशेदपुर, वीरेंद्र ओझा। Lok Sabha Election 2019 इस बार लोकसभा का चुनाव सात चरण में हो रहा है, जिसके छठे चरण में जमशेदपुर और सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र में होगा। यहां चुनाव में महज 13 दिन बचे हैं, लेकिन अभी तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छोड़कर स्टार प्रचारकों का नाम तय नहीं हुए हैं कि कौन यहां आएगा। नरेंद्र मोदी पांच मई को चाईबासा में चुनावी सभा करेंगे, लेकिन जमशेदपुर में भाजपा या कांग्रेस का कौन बड़ा नेता आएगा, इसे लेकर अटकलों का दौर ही चल रहा है। मोदी चाईबासा आएंगे, इसलिए यह तय माना जा रहा है कि वे जमशेदपुर नहीं आएंगे।
अब तक इतिहास रहा है कि जो स्टार प्रचारक जमशेदपुर आ गया, वह चाईबासा नहीं जाता। इसी तरह जो चाईबासा आ गया, वह जमशेदपुर में चुनावी सभा नहीं करता। इसे आधार मान लें तो जमशेदपुर में भाजपा के बड़े नेता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही बचते हैं। वैसे हेमा मालिनी, नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह के आने की बात हो रही है, लेकिन भाजपा नेताओं के मुताबिक जमशेदपुर में योगी के आने की संभावना ज्यादा है, शाह की उम्मीद कम। पिछली बार यानी 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी की सभा बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में हुई थी, लेकिन इस बार जमशेदपुर में उनकी सभा नहीं होगी, यह बात भाजपा के चुनाव संयोजक भी कह रहे हैं।
चंपई के लिए आ सकते कन्हैया
अब रही विपक्ष महागठबंधन की बात, तो इसमें सिंहभूम संसदीय सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार गीता कोड़ा चुनाव लड़ रही हैं। उनके लिए मंगलवार को पंजाब के उपमुख्यमंत्री नवजोत सिंह सिद्धू सभा कर रहे हैं, तो आगे राहुल गांधी के अलावा हार्दिक पटेल और कन्हैया कुमार को बुलाने की बात हो रही है। झामुमो उम्मीदवार के लिए जमशेदपुर में हार्दिक पटेल और कन्हैया कुमार को बुलाने की मांग ज्यादा है।