Loksabha Election 2019 : कन्नौज में 59.48 फीसद मतदान, पिछली बार से पिछड़े मतदाता
74 बूथों पर ईवीएम खराब होने से उनका उत्साह ठंडा पड़ा मतदान में आई बाधा।
कन्नौज, जेएनएन। कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में मतदाताओं में तो खासा उत्साह दिख रहा है लेकिन ज्यादातर जगह ईवीएम खराब होने से उनका उत्साह ठंडा पड़ता नजर आ रहा है। इसका असर यह रहा है कि शुरुआती दो घंटे में मतदान की रफ्तार धीमी रहने से सिर्फ 8.46 फीसद ही मतदान हो सका, एक बजे तक 31.98 प्रतिशत वोटिंग हुई थी, वहीं तीन बजे तक 44.22 फीसद वोट पड़े। ईवीएम खराब होने से शुरुआत में धीमी गति से मतदान ने दोपहर बाद रफ्तार पकड़ी और शाम पांच बजे तक 55.22 फीसद मतदान हुआ। शाम छह बजे मतदान खत्म होने पर जिले में 59.48 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में मतदाता 61.68 फीसद वोटों के साथ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए थे।
कन्नौज लोकसभा क्षेत्र पर हर दल के नेताओं की खास निगाह है तो मतदाताओं में भी लोकतंत्र में भागीदारी को गजब उत्साह। सोमवार को सुबह सात बजे 1,474 बूथों पर मतदना शुरू हुआ। मतदाता बूथों के बाहर पहुंच गए लेकिन ज्यादातर जगह ईवीएम खराब होने से मायूसी हाथ लगी। 74 जगह ईवीएम की खराबी की शिकायतें कंट्रोल रूम पर दर्ज की गईं। शुरुआती दो घंटे में पूरे लोकसभा क्षेत्र में मात्र 8.46 प्रतिशत मतदान हो सका था। इसमें छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र में 8.51, तिर्वा में 8.62, कन्नौज सदर में 7.89 तथा औरैया की बिधूना में 8.4 और कानपुर देहात के रसूलाबाद में 9 फीसद मतदान सुबह नौ बजे तक हो सका था।
कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में एक बजे तक 31.98 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इसमें छिबरामऊ में 30.73, तिर्वा में 31.26, कन्नौज में 31.67, बिधूना में 34.26, रसूलाबाद में 34 प्रतिशत मतदान हो चुका था। दोपहर तीन बजे तक 44.22 मतदान हो चुका है। इसमें छिबरामऊ में 42.58, तिर्वा में 42.81, कन्नौज सदर में 43.13, बिधूना में 47.06, रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में 45.5 प्रतिशत वोटिंग हुई। सुबह ईवीएम खराबी से मंद पड़ मतदान की गति ने दोपहर बाद रफ्तार पकड़ ली और शाम पांच तक 55.22 प्रतिशत वोटिंग हुई है। इसमें छिबरामऊ में 55.72, तिर्वा में 55.13, कन्नौज में 54.92, बिधूना में 55.33 और रसूलाबाद में 55 प्रतिशत वोट पड़े हैं। अभी भी मतदाताओं का बूथों पर पहुंचने का सिलसिला जारी है।
जिले में खराब पाई गईं 74 ईवीएम
कन्नौज जिले में ही 74 बूथों पर ईवीएम खराब होने की शिकायतें दर्ज की गईं। कई जगह ईवीएम बदलने के बाद देरी से मतदान शुरू हुआ। तिर्वा में 27 और 29 बूथ संख्या पर मतदान 9.30 बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका। किसान इंटर कॉलेज में एक घंटे तक मतदान शुरू न होने पर हंगामा हुआ। छिबरामऊ में 175 बूथ संख्या में राज्यमंत्री अर्चना पांडेय ने 9.15 बजे एसडीएम गौरव शुक्ला को जानकारी देकर मतदान शुरू कराया। कन्नौज सदर में 20 से अधिक बूथों पर ईवीएम की शिकायत दर्ज कर मतदान कराने के लिए सबंधित अधिकारियों की टीम भेजी गईं। ईवीएम की शिकायत पर रिटर्निंग ऑफिसर रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। रसूलाबाद विधानसभा में ताजपुर बूथ की ईवीएम 23 और 24 में खराबी से एक घंटे देरी से मतदान शुरू हो सका। शाहपुर गांव में बूथ संख्या 312 में ईवीएम खराब होने के कारण पौना घंटे बाद मतदान शुरू हुआ।
नशे में धुत मिले सेक्टर मजिस्ट्रेट
कन्नौज संसदीय क्षेत्र में रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र गांधी विद्यालय इंटर कालेज में बने पोलिंग स्टेशन पर सेक्टर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार के नशे में होने की शिकायत की पर झींझक के सीएचसी में मेडिकल हुआ। उसमें शराब पीने की पुष्टि नहीं हो सकी।
चार बूथों पर वोट डालने नहीं पहुंचे ग्रामीण
चार बूथों पर ग्रामीणों के वोट डालने नहीं आने से सुबह दो घंटे तक सन्नाटा पसरा रहने पर पोलिंग टीम ने अधिकारियों को जानकारी दी। अब टीम ग्रामीणों को वोट डालने के लिए जागरूक करने का प्रयास कर रही है। अभी तक उनके वोट डालने न आने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। बूथ संख्या 155 खिसौनापुर हसेरन, बूथ 151 जादेपुरवा हसेरन, बूथ 366 बलेपूर्वा उमर्दा इंदरगढ़ और बूथ संख्या 435 सुमेरपुर खैरनगर ठठिया में ग्रामीणों के वोट नहीं डालने से सन्नाटा पसरा है।