Lok Sabha Election 2019 : कभी झामुमो का रहा गढ़, हर चुनाव में शिफ्ट होते गए वोटर
Lok Sabha Election 2019. घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में झारखंड नामधारी पार्टियों के प्रत्याशी को भरपूर समर्थन मिलता रहा। लेकिन पिछले कुछ चुनाव से बदलाव दिखा।
जमशेदपुर, विकास श्रीवास्तव। Lok Sabha Election 2019 जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत आनेवाले घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में झारखंड नामधारी पार्टियों के प्रत्याशी को भरपूर समर्थन मिलता रहा। लेकिन पिछले कुछ चुनाव से यहां के मतदाताओं का मन डोलता रहा और कभी झामुमो, कभी झाविमो को जितानेवाले वोटरों को झुकाव एकदम से भाजपा की ओर हो गया।
यही वजह रही कि 2014 में हुए पिछले लोकसभा चुनाव में मजबूत सांगठनिक आधार नहीं होने के बावजूद घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में लोगों ने भाजपा को भरपूर दिया। झामुमो के पारंपरिक गढ़ रहे इस क्षेत्र से विगत चुनाव में 2004 लोकसभा चुनाव का इतिहास नहीं दोहराया जा सका जब यूपीए प्रत्याशी सुनील महतो को यहां से 75 हजार से भी ज्यादा मत मिले थे। उसके बाद सुनील महतो की हत्या के बाद 2007 में हुए लोकसभा उपचुनाव में भी यहां झामुमो की झोली में अच्छी-खासी संख्या में वोट गिरे। तब दिवंगत सुनील महतो की पत्नी सुमन महतो को घाटशिला विस क्षेत्र में 50 हजार से अधिक मत मिले। वे चुनाव जीती भी। घाटशिला में सर्वाधिक मत संथाल व कुड़मी के हैं। संथाल आबादी 45 हजार से कुछ अधिक जबकि कुड़मी आबादी 38-40 हजार के बीच है। हर बार चुनाव में कुड़मी वोटर को फैक्टर के रूप में देखा जाता रहा है। यही कारण है कि इस सीट का मिजाज बदलता रहा है।
झामुमो-झाविमो के बाद भाजपा
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र झारखंड मुक्ति मोर्चा का परंपरागत क्षेत्र तो रहा ही है, झाविमो के गठन के बाद इस पार्टी को भी यहां के लोगों का अच्छा-खासा समर्थन मिला। 2011 के उपचुनाव में मरांडी के नाम पर झाविमो प्रत्याशी डॉ. अजय को घाटशिला से सर्वाधिक 32,557 मत मिले। दूसरे नंबर पर झामुमो के सुधीर महतो रहे जिन्हें यहां 23,443 मत मिले।
2014 में पलटा पासा, भाजपा की बही आंधी
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का समर्थन मिलने की आस लगाए झारखंड नामधारी पार्टियों को उस समय तगड़ा झटका लगा जब 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की आंधी के साथ घाटशिला के लोग भी हो लिए। 2011 के उपचुनाव में सबसे अधिक समर्थन जुटानेवाली झाविमो तीसरे नंबर पर पहुंच गई। सर्वाधिक मत हासिल करने के साथ भाजपा ने मुख्य प्रतिद्वंद्वी पार्टी झामुमो से 26,830 मतों से बढ़त बनाई।