Loksabha Election 2019 : सपा-बसपा गठबंधन से शालिनी यादव की उम्मीदवारी पक्की
वाराणसी संसदीय सीट पर गठबंधन से शालिनी यादव सपा की प्रत्याशी होंगी। बुधवार शाम तेज बहादुर का नामांकन रद होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस संसदीय सीट पर गठबंधन से शालिनी यादव सपा की प्रत्याशी होंगी। बुधवार शाम तेज बहादुर यादव का पर्चा खारिज होने के साथ ही उनकी उम्मीदवारी स्वत: पक्की हो गई। कांग्रेस छोड़ सपा में शामिल होने के साथ ही पिछले सप्ताह शालिनी को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया था। गठबंधन सहयोगियों के साथ नामांकन जुलूस निकाल कर पर्चा भी दाखिल कराया गया। इस बीच चुनावी रणनीति के तहत पार्टी नेतृत्व ने पूर्व फौजी तेज बहादुर यादव को प्राथमिकता देते हुए नामांकन करा दिया। इससे सपा के साथ अन्य दलों में भी असमंजस की स्थिति बन गई।
हालांकि पर्चे की जांच में सपा के कागजात तो पूरे पाए गए लेकिन तेजबहादुर यादव को बर्खास्तगी क्लाज स्पष्ट नहीं करने पर निर्वाचन अधिकारी की ओर से नोटिस थमा दी गई। इसे पूरा करने के लिए उन्हें बुधवार सुबह तक का समय भी दिया गया। शाम तक चली औपचारिकताओं के बीच अंतत: उनका पर्चा खारिज करने की घोषणा कर दी गई। इससे आक्रोशित सपा पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन और केंद्र सरकार की लानत-मलानत की। इसमें निर्वाचन आयोग के केंद्र सरकार के हाथों में खेलने का आरोप लगाया। इसे लेकर अर्दली बाजार पार्टी दफ्तर में पदाधिकारियों ने बैठक की और पूरे प्रकरण से नेतृत्व को अवगत कराया। इस दौरान निर्वाचन आयोग के रवैये के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की भी चर्चा हुई। साथ ही इस संबंध में स्थानीय संगठन को पार्टी नेतृत्व की प्रतिक्रिया का इंतजार रहा।
सपा जिलाध्यक्ष डा. पीयूष यादव ने स्पष्ट किया कि तेज बहादुर यादव का पर्चा खारिज होने के साथ ही शालिनी यादव स्वत: सपा की ओर से गठबंधन की पार्टी प्रत्याशी हो गई हैं। उन्होंने पार्टी सिंबल पर उम्मीदवारी के लिए अधिकृत तौर पर नामांकन किया था। गठबंधन पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। इसमें केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के गठजोड़ को भी मतदाताओं के सामने रखा जाएगा।