गुरुजी को महंगी पड़ी चुनावी सभा, हुए चार्जशीट; एक कर्मचारी सस्पेंड
Teacher chargesheet and Employee Suspend आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर एक कर्मचारी को सस्पेंड व एक को चार्जशीट किया गया है।
नाहन, जेएनएन। आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर एक कर्मचारी को सस्पेंड व एक को चार्जशीट किया गया है। दोनों ही मामले श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं। श्रीरेणुकाजी आरक्षित विधानसभा क्षेत्र में दो कर्मचारियों को भाजपा व कांग्रेस के कार्यक्रमों में शामिल होने पर यह सजा मिली है। चुनाव आयोग के निर्देश पर संगड़ाह स्थित खाद्य आपूर्ति निगम के सेल्स सुपरवाइजर बलबीर सिंह राणा को सस्पेंड कर दिया गया है। जबकि जेबीटी अध्यापक इंद्र सिंह को बीएलओ पद से हटाकर चार्जशीट भी कर दिया गया है।
खाद्य आपूर्ति निगम के सेल सुपरवाइजर बलबीर सिंह ने कुछ समय पहले हरिपुरधार में आयोजित भाजपा की रैली में भाग लिया था, जबकि जेबीटी अध्यापक इंद्र सिंह ने संगड़ाह में आयोजित कांग्रेस की बैठक में भाग लिया था। बलबीर सिंह की शिकायत कांग्रेस के पदाधिकारियों द्वारा की गई थी। जबकि इंद्र सिंह की शिकायत संगड़ाह भाजपा के पदाधिकारियों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी व केंद्रीय चुनाव आयोग को भेजी गई थी। दोनों कर्मचारियों की भाजपा व कांग्रेस के कार्यक्रमों में भाग लेने के फोटो भी शिकायत के साथ भेजे गए थे, ताकि साक्ष्यों के साथ कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई हो।
जिला निवार्चन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर ने दोनों कर्मचारियों की जांच का जिम्मा संगड़ाह के एसडीएम राहुल कुमार को सौंपा था। एसडीएम संगड़ाह ने अपनी रिपोर्ट में आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर यह कार्रवाई की है। वीरवार को खाद्य आपूर्ति निगम के अधिकारियों ने बलवीर सिंह को सस्पेंड कर दिया। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जेबीटी अध्यापक इंद्र सिंह को चार्जशीट किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ललित जैन ने दोनों कर्मचारियों के सस्पेंड व चार्जशीट करने की पुष्टि की है।