Lok Sabha Election 2019: भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को रोकने के लिए चंदेल ने चला दांव
Lok Sabha Election 2019 भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं तीन बार सांसद रहे सुरेश चंदेल ने भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को घेरने का दांव चला है।
हमीरपुर, रणवीर ठाकुर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं तीन बार सांसद रहे सुरेश चंदेल को हमीरपुर की जनसभा में आगे कर कांग्रेस हाईकमान ने भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को घेरने का दांव चला है। नामांकन पत्र दाखिल करने से लेकर रोड शो और जनसभा तक सुरेश चंदेल को जिस तरह कांग्रेस के हर नेता ने मान-सम्मान दिया है, उससे साफ दिख रहा कि अनुराग ठाकुर की राह में वह रुकावट डाल सकते हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी राम लाल ठाकुर ने तो चंदेल को अपने साथ कुर्सी पर बैठा कर कार्यकर्ताओं व जनता में संदेश देने का प्रयास किया कि कांग्रेस उनके साथ है। एक दिन पूर्व उन्हें प्रचार समिति का सह संयोजक नियुक्त करना भी अनुराग को घेरने की रणनीति का ही हिस्सा था। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, राज्यसभा के उपनेता आनंद शर्मा, कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल व सहप्रभारी गुरकीरत कोटली ने भी चंदेल के जनाधार को स्वीकार किया और रामलाल की जीत के लिए अहम बताया।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बयान ने हालांकि संकेत दिया कि एकजुटता के सूत्र में बंधी दिख रही कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं है। वीरभद्र सिंह ने कुलदीप राठौर को संगठन को मजबूत बनाने के प्रयास की सराहना की लेकिन नाम लिए बगैर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुख विंदर सिंह सुक्खू पर निशाना अवश्य साधा। उनका कहना था कि अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पूरा गंद साफ हो गया।
राम लाल ठाकुर की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन दिया लेकिन यह भी कह दिया कि राम लाल मेरे साथी हैं पर मुझे भी इनका पता नहीं चलता यह कब अपने रास्ते से भटक जाते हैं। कांग्रेस ने रैली से जनता में एकजुटता का संदेश देने का भरसक प्रयास किया है। रैली में भीड़ जुटी लेकिन अब बूथ स्तर पर इसे वोट में कैसे बदला जाए इस पर जरूर नजरें टिकी हैं। शुक्रवार को अनुराग ठाकुर के नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान भाजपा भी शक्ति प्रदर्शन करेगी।