सिद्धारमैया के राहुल गांधी को कर्नाटक बुलावे पर भाजपा का तंज, कहा- अपनी सीट बचा नहीं पाए और...
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को कर्नाटक से लोकसभा चुनाव लड़ने का सुझाव देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर भारतीय जनता पार्टी ने कटाक्ष किया है।
बेंगलुरु, आइएएनएस। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को कर्नाटक से लोकसभा चुनाव लड़ने का सुझाव देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर भारतीय जनता पार्टी ने कटाक्ष किया है। भाजपा का कहना है, जो खुद अपनी सीट नहीं बचा पाए, वो राहुल गांधी को प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए बुला रहे हैं। सिद्धारमैया ने शुक्रवार को कहा था कि प्रदेश कांग्रेस चाहती है कि राहुल गांधी कर्नाटक से लोकसभा चुनाव लड़ें।
सिद्धारमैया ने राहुल गांधी को 'अगला प्रधानमंत्री' बताते हुए इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी के कर्नाटक से लोकसभा चुनाव लड़ने के दिनों को याद किया। बता दें कि इंदिरा गांधी ने 1978 में कर्नाटक की चिकमंगलूर सीट से लोकसभा उपचुनाव जीता था। वहीं यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 1999 में कर्नाटक की ही बेल्लारी सीट से भाजपा उम्मीदवार सुषमा स्वराज को हराया था।
भाजपा ने सिद्धारमैया पर तंज कसते हुए ट्वीट किया, 'एक शख्स जो अपने विधानसभा क्षेत्र में ही चुनाव नहीं जीत पाया, वो एक दूसरे असफल व्यक्ति के लिए रेड कारपेट बिछा रहा है।' दरअसल, सिद्धारमैया मई 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में मैसूर जिले की चामुंडेश्वरी विधानसभा सीट से हार गए थे। उन्हें जेडीएस के जीटी देवगौड़ा ने हाराया था। हालांकि, सिद्धारमैया ने बदामी विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी।
गौरतलब है कि सिद्धारमैया ने शुक्रवार को ट्वीट किया था कि कर्नाटक ने हमेशा कांग्रेस नेताओं को समर्थन किया तथा उनका उत्साह बढ़ाया। यह बात श्रीमती इंदिरा गांधी तथा श्रीमती सोनिया गांधी के मामले में साबित हो चुकी है। हम चाहते हैं कि देश के अगले प्रधानमंत्री राहुल गांधी कर्नाटक से चुनाव लड़ें तथा विकास से नये प्रतिमान स्थापन करें।