Move to Jagran APP

Lok Sabha Election: 'आइएनडीआइए जीत के बाद तय करेगा पीएम का नाम', शशि थरूर बोले- चीन की सेना को पीछे नहीं खदेड़ पाए प्रधानमंत्री

पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने कहा कि नरेन्द्र मोदी संसदीय प्रणाली को राष्ट्रपति प्रणाली की तरह चला रहे हैं। प्रधानमंत्री का चेहरा चुनाव के बाद तय होना चाहिए।थरूर ने आरोप लगाया कि मोदी चीन की सेना को पीछे नहीं धकेल सके। वहां पर 26 प्वाइंट थे जहां तय हुआ था कि एक दिन चीन और एक दिन भारतीय सेना के जवान पेट्रोलिंग करेंगे।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Thu, 30 May 2024 12:50 AM (IST)
Lok Sabha Election: 'आइएनडीआइए जीत के बाद तय करेगा पीएम का नाम', शशि थरूर बोले- चीन की सेना को पीछे नहीं खदेड़ पाए प्रधानमंत्री
शशि थरूर बोले चीन की सेना को पीछे नहीं खदेड़ पाए प्रधानमंत्री

 जागरण संवाददाता, धर्मशाला। पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने कहा है कि आइएनडीआइए चुनाव में जीत के बाद ही प्रधानमंत्री का नाम तय करेगा। गठबंधन के पास नेताओं की कमी नहीं है। बहुत सारे नेता हैं, जो चेहरा हो सकते हैं। 2004 के चुनाव में भी कोई नेता चेहरा नहीं था, लेकिन डा. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने थे।

बुधवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी संसदीय प्रणाली को राष्ट्रपति प्रणाली की तरह चला रहे हैं। प्रधानमंत्री का चेहरा चुनाव के बाद तय होना चाहिए।थरूर ने आरोप लगाया कि मोदी चीन की सेना को पीछे नहीं धकेल सके। यह केंद्र सरकार की बड़ी विफलता है। अभी तक सीमा तय नहीं हुई है। वहां पर 26 प्वाइंट थे, जहां तय हुआ था कि एक दिन चीन और एक दिन भारतीय सेना के जवान पेट्रोलिंग करेंगे।

जब भारत के जवान पेट्रोलिंग करने निकले तो चीनी जवानों को 26 प्वाइंट पर बैठे देखा जो पीछे नहीं हटे। करीब 20 जवान वहां बलिदान हो गए। अभी भी 26 प्वाइंट पर चीन का कब्जा है और प्रधानमंत्री चुप बैठे हैं। उन्होंने कहा, देश का संविधान खतरे में है। देश के संविधान में 100 बार संशोधन हुए हैं लेकिन वे चर्चा के बाद हुए हैं। जब मोदी ने 400 पार का नारा दिया है तो संविधान संशोधन में किसी को पूछने की जरूरत नहीं होगी।

बकौल थरूर, मोदी भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं, इसलिए संविधान में संशोधन करना चाहते हैं। पहले व दूसरे चरण के बाद भाजपा का 300 पार का नारा मुश्किल लग रहा था और अब जब चुनाव अंतिम चरण में है तो 200 पार भी मुश्किल है।

चुनाव सभ्य व असभ्य की राजनीति के बीच : प्रियंका

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने बुधवार को कुल्लू में रैली व सुंदरनगर में रोड शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि मोदी ने भैंस, मंगलसूत्र और मछली की बात कर प्रधानमंत्री के पद की गरिमा गिराई, इससे पहले किसी भी प्रधानमंत्री ने इस तरह की बातें नहीं कीं। यह चुनाव सभ्य व असभ्य की राजनीति के बीच है। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबल के सहारे हिमाचल सरकार को गिराने का षड्यंत्र मोदी, शाह, नड्डा, अनुराग और जयराम ने रचा था।

प्रियंका ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के 10 वर्ष के कार्यकाल में अदाणी व अंबानी फले फूले हैं। गरीब को कोई नहीं पूछ रहा। देश की संपत्ति चार खरबपतियों के पास है। गरीब के हाथ खाली हैं। कांग्रेस सत्ता में आने पर हर महिला को 8500 रुपये देगी।