मैनपुरी की सपा जिला इकाई भंग, तेज प्रताप का टिकट कटने पर फूंका था रामगोपाल का पुतला
मैनपुरी से सांसद तेज प्रताप यादव उर्फ तेजू की जगह मुलायम सिंह यादव को समाजवादी पार्टी का लोकसभा प्रत्याशी घोषित होने के बाद से ही वहां की जिला इकाई में आक्रोश पनपने लगा।
मैनपुरी, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का नाम मैनपुरी से लोकसभा प्रत्याशी के रूप में घोषित होने के बाद से ही वहां पर आक्रोश पनपने लगा। इसी बीच कल वहां पर समाजवादी पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय महासचिन रामगोपाल यादव का पुतला फूंका गया। इसको पार्टी ने बड़ी अनुशासनहीनता मानते हुए आज मैनपुरी जिला इकाई को भंग कर दिया है।
मैनपुरी से सांसद तेज प्रताप यादव उर्फ तेजू की जगह मुलायम सिंह यादव को समाजवादी पार्टी का लोकसभा प्रत्याशी घोषित होने के बाद से ही वहां की जिला इकाई में आक्रोश पनपने लगा। समाजवादी पार्टी में नेता अब पार्टी के संरक्षक का भी नाम बर्दास्त नहीं कर पा रहे हैं। मैनपुरी में तेज प्रताप की जगह पर मुलायम सिंह यादव को पार्टी का प्रत्याशी घोषित करने का विरोध होने लगा। आठ मार्च को मुलायम सिंह यादव को प्रत्याशी घोषित किया गया और कल से वहां पर विरोध होने लगा। तेज प्रताप यादव को अभी तक कहीं से टिकट न मिलने पर समाजवादी पार्टी की मैनपुरी इकाई ने कल जोरदार नारेबाजी करने के साथ ही मुख्य राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव का पुतला भी फूंका। इस घटना पर शिवपाल सिंह यादव ने भी काफी मजा लिया।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामगोपाल यादव का पुतला फूंकने की घटना को बेहद गंभीरता से लिया है। आज उनके निर्देश पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मैनपुरी की जिला इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। उन्होंने जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा को भी पद हटा दिया गया। मैनपुरी में शुक्रवार तथा कल पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रो रामगोपाल यादव का पुतला फूंक कर सांसद तेज प्रताप की टिकट काटने का विरोध जताया था। कार्रवाई को इससे ही जोड़कर देखा जा रहा है।
सपा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने के बाद मैनपुरी में विरोध की आवाज उठी। यहां सपा कार्यकर्ता और सांसद का समर्थक बताते हुए युवाओं ने सपा राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव का पुतला फूंका। इन युवाओं ने मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद तेजप्रताप का टिकट काटे जाने का विरोध किया। युवा सपा की टोपी लगाने के साथ ही पार्टी का झंडा लिए थे। सपा राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं ने उनका प्रतीकात्मक पुतला फूंका।
युवाओं का कहना था कि जानबूझ कर सपा राष्ट्रीय महासचिव ने मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद तेजप्रताप यादव का टिकट कटवाया है। युवाओं ने एक स्वर में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की जगह सांसद तेजप्रताप यादव को टिकट देने की मांग की।