महाराष्ट्र में भी सपा-बसपा का गठबंधन, 48 सीटों पर मिलकर लड़ेंगे मायावती-अखिलेश
सपा-बसपा ने महाराष्ट्र में भी लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ने का निर्णय किया है। मायावती और अखिलेश यादव महाराष्ट्र की 48 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
मुंबई, पीटीआइ। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन शुरू उत्तर प्रदेश से हुआ था, लेकिन ये कहां जाकर रुकेगा? ये कहना अभी बेहद मुश्किल है। एक समय पर कट्टर विरोधी रही सपा-बसपा ने महाराष्ट्र में भी लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ने का निर्णय किया है। मायावती और अखिलेश यादव महाराष्ट्र की 48 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
महाराष्ट्र में सपा-बसपा के एक साथ लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए सपा विधायक अबू असीम अजमी ने कहा कि दोनों पार्टिंया समाज के 85 से 90 लोगों का प्रतिनिधित्व करती हैं। इसलिए कांग्रेस और भाजपा के विकल्प के रूप में सपा-बसपा का गठबंधन ही लोगों के सामने है।
सपा विधायक ने कहा, 'देश में धर्म-निरपेक्षता खत्म होने की कगार पर पहुंच गई है। वे लोग जो खुद को देश का चौकीदार कहते हैं, वे सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।' उन्होंने दावा किया कि सिर्फ सपा-बसपा गठबंधन में इतनी शक्ति है कि भाजपा को महाराष्ट्र में सिर्फ 5-7 सीटों पर सिमटा सकती है।
वहीं, कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश की विपक्षी पार्टी ने मुस्लिमों, दलितों और पिछड़े वर्ग के लोगों को बेबस कर दिया है। उनके पास भाजपा, कांग्रेस के अलावा कोई तीसरा विकल्प उपलब्ध ही नहीं था। लेकिन सपा-बसपा के गठबंधन के बाद महाराष्ट्र के लोगों के पास अब थर्डफ्रंट मिल गया है।