Lok Sabha Election 2019 लोकसभा चुनावों में बढ़ी महिलाओं की जिम्मेदारी: जयराम ठाकुर
Lok Sabha Election 2019 हमीरपुर में भाजपा महिला मोर्चा सम्मेलन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने महिलाओं को संबोधित किया और लोकहित की योजनाओं की ख़ूब चर्चा की।
हमीरपुर, जेएनएन। हमीरपुर में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित महिला सम्मेलन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलायें सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में शुरुआत अच्छी हो चुकी है और महिलायें लक्ष्य को प्राप्त करके रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग अब जागरूक हो चुके हैं, बेटियां बेटों से बहुत आगे निकल गयी हैं। परीक्षा परिणामों में बेटियां मेरिट लिस्ट में टॉप कर रही हैं। उन्होंने धूमल सरकार की उस उपलब्धि की सराहना की जिसमें पंचायती राज चुनावों महिलाओं को पचास प्रतिशत आरक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में महिलाओं की ज़िम्मेदारी बढ़ गयी है।
जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गयी लोकहित की योजनाओं की ख़ूब चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर वर्ग को लाभ देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हमारा वोट देश के लिए और राष्ट्रवाद के लिए होगा। देश की आवश्यकता नरेंद्र मोदी है क्योंकि उनके नेतृत्व में ही देश में मज़बूत सरकार बनी और फिर से बनेगी। उन्होंने कहा कि आज जनता को देश में मज़बूत नेतृत्व के साथ खड़े होने की ज़रूरत है।
जय राम ठाकुर ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि अटल जी का हिमाचल में अपना घर था और नरेंद्र मोदी भी हिमाचल को अपना घर कहते हैं। अनुराग ठाकुर के बारे में उन्होंने कहा कि सांसद के रूप में अनुराग चौका लगायेंगे । कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस में उम्मीदवारों को धक्का देने का काम चल रहा है। सुबह जिस उम्मीदवार की घोषणा कांग्रेस करती है, शाम को वही उम्मीदवार लिस्ट से गायब हो जाता है।