Election 2019: राजस्थान में 26 को चुनावी रैली को संबोधित करेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान में 6 चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।जानकारी के अनुसार प्रियंका गांधी भी लोकसभा चुनाव अभियान के तहत एक दिन राजस्थान का दौरा कर सकती है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान में 6 चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की पहली रैली 26 मार्च को सीमावर्ती श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में होगी। इसके बाद राहुल गांधी लोकसभा चुुुुनाव में मतदान होने तक पांच अन्य संभागीय मुख्यालयों पर रैलियों को संबोधित करेंगे।
जयपुर में राहुल गांधी के रोड़ शो का कार्यक्रम भी तय किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव अभियान के तहत एक दिन राजस्थान का दौरा कर सकती है। मिशन-25 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने राज्य की सभी 400 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में छोटी-छोटी सभाओं का कार्यक्रम तय किया है। इसके तहत दो दर्जन ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में तो सभाएं हो चुकी है।
कांग्रेस ने प्रत्येक जिले में एक-एक सभा आयोजित करने की रणनीति बनाई है। पांच जिलों में सभाएं हो चुकी है,शेष 28 जिलों में अगले दस दिन में सभा होगी। जिला स्तर की सभाओं में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,उप मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे के संबोधन का कार्यक्रम तय किया गया है। अब तक पांच जिलों में हुई सभाओं में तीनों नेता एक साथ शामिल हुए है।