Loksabha Election 2019 : भारतीय के साथ विलायती व्यंजन बनाने में माहिर हैं प्रियंका
नानी से सीखा इटैलियन व्यंजन दोस्त भी हैं इनके खाने के मुरीद।
अयोध्या, (प्रवीण तिवारी)। प्रियंका भारतीय के साथ ही विलायती व्यंजन बनाने में भी माहिर हैं। सनबीन स्कूल में लगी क्लास में खुद प्रियंका ने यह खुलासा किया। करीब पौन घंटे की क्लास में उन्होंने कांग्रेस के 60 साल के शासन का हिसाब-किताब समझाया तो दूसरी ओर व्यक्तिगत बातें भी साझा कीं। एक छात्रा के सवाल के जबाब में उन्होंने बताया कि 15 वर्ष की उम्र से ही उन्हें खाना बनाने का शौक है। उन्हें भारतीय व्यंजन तो बनाना आता ही है, अपनी नानी से उन्होंने इटैलियन खाना बनाना भी सीखा है। प्रियंका ने बताया कि उनके दोस्तों को भी उनका बनाया खाना बेहद पसंद हैं और वे उन्हें तंग करते हैं।
इस संवाद से पहले प्रियंका वाड्रा ने युवाओं से सवाल करने का आग्रह किया और स्वयं सीढिय़ों पर बैठीं। यहीं से छात्र -छात्राओं के सवालों का सिलसिला शुरू हुआ। एक छात्र के सवाल का जवाब देते हुए प्रियंका ने कांग्रेस के 60 साल के शासन में हुए कार्य साझा किए। उन्होंने सलीके बताया कि किस तरह कांग्रेस के कार्यकाल में लोकतंत्र मजबूत हुआ।
प्रियंका ने कहा, आप अपने पड़ोसी देशों से भारत की तुलना कीजिए तो समझ में आएगा कि कांग्रेस ने इन वर्षों में क्या किया। कहाकि इन्हीं वर्षों में आइआइएम, आइआइटी, एम्स जैसे संस्थान देश में स्थापित हुए, हालांकि इस बातचीत में वे भाजपा पर निशाना साधने से भी नहीं चूकीं। कहाकि भाजपा 24 घंटे झूठ का प्रचार कर रही है। एक अन्य छात्र के सवाल का जवाब देते हुए वे छात्राओं के बीच चली आई तो छात्रों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। सवाल करने वालों में रामजस, साकेत, सनबीम व एमिटी के छात्र-छात्राओं ने सवाल किया।
नहीं दे सकी 72 हजार के प्रावधान का हिसाब
साकेत महाविद्यालय की एक छात्रा ने पूछा कि राहुल गांधी ने प्रत्येक गरीब परिवार को 72 हजार रुपये सालाना देने का एलान तो किया पर ये रुपए कहां से आएंगे। जबाब देने के बजाए उन्होंने उल्टे सवाल दाग दिया कि भाजपा शासन में उद्योगपतियों का ऋण माफ करने की रकम कहां से आई। उन्होंने बताया कि घोषणा के अनुरूप व्यवस्था भी की जाएगी।
प्रियंका ने बताया अपना सपना
उन्होंने कहाकि सभी को शिक्षा, चिकित्सा व रोजगार मिले यहीं उनका सपना है। शिक्षित बेरोजगारी बढऩे के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र मेें रोजगार देने की समुचित व्यवस्था की है।