Agra Election Result 2019: मतगणना की हो चुकी पूरी तैयारी
धारा 144 लागू मंडी समिति पर सुबह सात बजे से मतगणना यातायात डायवर्ट। विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे प्रत्याशी।
आगरा, जासं। लोकसभा चुनाव 2019 का परिणाम गुरुवार शाम तक सामने हाेगा। बेताबी से सभी को इंतजार है। मतगणना की तैयारियों को देर रात तक पूरा कर लिया गया। मंडी समिति पर सुबह सात बजे से मतगणना आरंभ हो जाएगी। धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस भी मुस्तैद है। प्रत्याशियों के विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी है। आगरा मंडी समिति में आगरा लोकसभा सीट, फतेहपुरसीकरी लोकसभा सीट के साथ आगरा उत्तर विधानसभा के उपचुनाव के मतपत्रों की गिनती हाेगी।
मतगणना की तैयारियों को लेकर बुधवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में बैठक हुई। डीएम एनजी रवि कुमार ने बताया कि सभी कर्मचारियों और एजेंट को सुबह छह बजे तक मंडी समिति पहुंचना होगा। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी।
नहीं कर सकेंगे धूमपान
डीएम ने कहा कि मंडी समिति में कोई भी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति धूमपान नहीं कर सकता है। धूमपान करते हुए पकड़े जाने पर जुर्माना लगेगा।
मतगणना पंडाल में यह नहीं ले जा सकेंगे
- मोबाइल
- लैपटॉप व टेबलेट
- आईपाड
- कैलकुलेटर
डाकमतों की गणना
- सबसे पहले आरओ की टेबल पर डाक मतों की गणना की होगी।
- यह गणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
- चार टेबल लगाई गई हैं। प्रत्येक टेबल पर तीन-तीन कर्मचारी रहेंगे।
- मतगणना सहायक रिटर्निंग अधिकारी की निगरानी में होगी।
- 35 स्कैनर से क्यूआर कोड की स्कैनिंग होगी।
- डाकमत पत्र 13 सी के लिफाफा में होगा। जिसके भीतर 13 ए और फिर बी होगा। 13 बी में डाकमत पत्र रखा होगा।
ईवीएम के मतों की गणना
- ईवीएम की मतगणना 14 टेबल पर एक साथ होगी। इसे नंबर के हिसाब से लाया जाएगा।
- एक राउंड की मतगणना होने के बाद सहायक रिटर्निंग अफसर की अनुमति के बाद दूसरे राउंड की ईवीएम को लगाया जाएगा।
- एक टेबल पर तीन सदस्यीय टीम मतों की गणना करेगी। एक एजेंट अलग से होगा।
वीवीपैट की पर्चियों की गणना
- वीवीपैट की पर्चियों को ड्रॉप बॉक्स से निकाला जाएगा।
- 14 इंच लंबे, दस इंच चौड़े और पांच इंच ऊंचे कंटेनर में रखा जाएगा।
- फिर पर्चियों को प्रत्याशी के नाम के आधार पर रखा जाएगा। नोटा भी एक प्रत्याशी है।
- 25-25 पर्चियों के प्रत्याशी वाइज बंडल बनेंगे।
- विशेष काउंटर में लाया जाएगा। जहां कैशियर पर्चियों की गणना करेंगे।
मंडी समिति में मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। विजेता प्रत्याशी जुलूस नहीं निकाल सकेंगे।
एनजी रवि कुमार, डीएम
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप