राज्य में सात चरणों में मतदान के लंबी चुनावी प्रक्रिया से जनता को होगी तकलीफ : फिरहाद
नगर विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा है कि राज्य में सात चरणों में मतदान लंबी चुनावी प्रक्रिया है। गर्मी और रमजान के महीने में लंबी चुनावी प्रक्रिया से आम जनता को तकलीफ होगी।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो । नगर विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा है कि राज्य में सात चरणों में मतदान लंबी चुनावी प्रक्रिया है। गर्मी और रमजान के महीने में लंबी चुनावी प्रक्रिया से आम जनता को तकलीफ होगी। हालांकि तृणमूल कांग्रेस को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। तृणमूल कांग्रेस हर स्थिति में प्रतिद्वंद्विता करने को तैयार है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य की जनता की आस्था है। भाजपा से मुकाबला के लिए मुख्यमंत्री तैयार हैं। राज्य की जनता फिर ममता को भारी मतों से जिताएगी। भाजपा जितनी भी कोशिश कर ले बंगाल में उसकी दाल नहीं गलेगी। 2016 में भी भाजपा ने हर हथकंडा अपनाया था। केंद्रीय बलों की उपस्थिति में राज्य में कई चरणों में मतदान हुए थे। भाजपा द्वारा चुनाव में सरकारी मिशनरी का उपयोग करने के बावजूद जिस तरह पिछली बार तृणमूल की जीत हुई उसी तरह इस बार भी ममता की जीत होगी।
फिरहाद ने कहा कि राज्य की जनता के दिल में ममता बनर्जी बसती हैं लिहाजा इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि यहां चुनाव सात चरण में हो रहा है कि 14 चरणों में होगा। लेकिन असल चिंता हमें जनता को लेकर है। यद्यपि चुनाव आयोग एक स्वायत्त व संवैधानिक संस्था है। वह संवैधानिक संस्था का सम्मान करते हैं। इसलिए वह चुनाव आयोग के बारे में कुछ नहीं कहना चाहेंगे। लेकिन रमजान में कई चरणों में मतदान से लोगों को परेशानी होगी। कोई अपने फायदे को लेकर जो भी सोचे लेकिन गर्मी में चुनाव कराने से लोगों को परेशानी होगी। उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने सात चरणों में चुनाव कराने की घोषणा की है।