Loksabha Election 2019 : वाराणसी में अब चुनावी जंग बूथ पर, पार्टियों की सेनाएं तैयार
लोकसभा चुनाव का वह दिन आ गया जब मतदाता मतों का दान कर अपना फैसला सुनाएंगे। कुल मिलाकर अब चुनावी जंग प्रचार मैदान से बूथ पर पहुंच गई है।
वाराणसी, जेएनएन। लोकसभा चुनाव का वह दिन आ गया जब मतदाता मतों का दान कर अपना फैसला सुनाएंगे। कुल मिलाकर अब चुनावी जंग प्रचार मैदान से बूथ पर पहुंच गई है। पंजीकृत पार्टियों के अलावा निर्दलों की सेनाएं भी तैयार हो गई हैं। सभी की एक ही कोशिश होगी कि अधिक से अधिक मतदान कराकर जीत हासिल की जाए।
बूथ पर चुनावी जंग के मद्देनजर भाजपा, कांग्रेस, सपा-बसपा गठबंधन, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी आदि ने तैयारी पूरी कर ली है। रणनीति के तहत जो दल गठबंधन में हैं वे सहयोग में खड़ी बड़ी पार्टी के ब्लू प्रिंट पर काम कर रहे हैं। भाजपा की बात करें तो बूथ क्षेत्र में आने वाले बड़े पदाधिकारियों के साथ ही पन्ना प्रमुखों को जिम्मेदारी दी गई है तो वहीं कांग्रेस-सपा गठबंधन की ओर से टीमें बनाई गई हैं जो घरों में जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगी।
भाजपा में एक बूथ पर 21 यूथ : भाजपा की रणनीति के अनुसार एक बूथ पर 21 यूथ होंगे। इसमें दो सदस्य बूथ पर एजेंट बनेंगे चार सदस्य मतदान केंद्र के बाहर भाजपा की चौकी संभालेंगे। इसके अलावा बूथ अध्यक्ष के साथ उनकी टीम के दोनों उपाध्यक्ष के नेतृत्व में सदस्यों का दल घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करेगा। जिला व महानगर की दो टीमें बनेंगी जिसमें बड़े पदाधिकारी शामिल रहेंगे। इस टीम को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
मोबाइल फोन से मतदाताओं तक : कांग्रेस ने पुरानी रणनीति एक बूथ पर 10 यूथ पर काम किया है। इसके अलावा घर-घर जाकर मतदाताओं को जगाने के लिए बूथ समितियां बनी हैं। इससे इतर एक टीम ऐसी है जो मोबाइल फोन पर मतदाताओं मतदान के लिए जागरूक करेगी। जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा के अनुसार 21 लोगों की टीम केंद्रीय कार्यालय में तैनात रहेगी। इन टीमों की निगरानी के लिए जिला व महानगर के पदाधिकारियों की टीम बनाई गई है।
हर वोट पर सपा नेताओं की नजर : प्रचार खत्म होने के साथ ही सपा ने बूथ पर जंग की तैयारी शुरू कर ली है। हर वोट पर नेताओं की नजर गड़ी है। एक बूथ पर 20 यूथ रहेंगे जिसमें 10 सपा व 10 बसपा के होंगे। इसी प्रकार एजेंट भी बनाए जा रहे हैं। वहीं चौकी पर एक बस्ता होगा जिसमें पोलिंग फार्म, तीन सेट मतदाता सूची व पर्ची, ईवीएम फारमेट, मोमबत्ती, कलम आदि रहेंगे। सपा जिलाध्यक्ष डा. पीयूष यादव के अनुसार कार्यकर्ताओं को निर्देशित कि एक वोट न घटने पाए और न बंटने पाए।
2007 विस चुनाव |
40.29 |
2009 लोस चुनाव | 42.64 |
2012 विस चुनाव | 57.35 |
2014 लोस चुनाव | 58.26 |
2017 विस चुनाव | 60.83 |
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप