Loksabha Election 2019: मोहनलालगंज सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले की बन रही तस्वीर
प्रत्याशी बदलकर लड़ाई में आई कांग्रेस। भाजपा और गठबंधन प्रत्याशी को मिल सकती है कड़ी टक्कर।
लखनऊ [निशांत यादव]। पिछले कुछ दिनों से मोहनलालगंज लोकसभा सीट पर भाजपा और सपा-बसपा गठबंधन के बीच सीधी लड़ाई दिख रही थी, लेकिन कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी को बदलकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। कांग्रेस भी अब यहां लड़ाई करते दिख रही है। मोहनलालगंज सीट पर लड़ाई इस बार त्रिकोणीय हो सकती है।
मोहनलालगंज सुरक्षित सीट भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में सपा से जीती थी। मोदी लहर में यहां से कौशल किशोर विजयी हुए थे, जबकि प्रदेश सरकार में मंत्री और लगातार तीन बार मोहनलालगंज के विधायक रहे आरके चौधरी ने बसपा से चुनाव लड़ा था। बसपा दूसरे नंबर पर आई थी। भाजपा को 2014 में 455274 वोट मिले थे, जबकि बसपा को 309274 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर सपा की सुशीला सरोज को 242366 मत हासिल हुए थे। इस बार सपा और बसपा में गठबंधन होने के बाद इस सीट से बसपा ने अपने उम्मीदवार सीएल वर्मा को उतारा है। उधर कांग्रेस ने पहली सूची में मिश्रिख के पूर्व सांसद रामशंकर भार्गव को टिकट दिया था। कांग्रेस से भार्गव के आने के बाद यहां भाजपा और गठबंधन में सीधा मुकाबला नजर आ रहा था।
इसी बीच पिछली बार बसपा से चुनाव लडऩे वाले आरके चौधरी ने सपा से अपना नाता तोड़ लिया और वह कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस ने रामशंकर भार्गव का टिकट काटकर आरके चौधरी को टिकट दिया है। आरके चौधरी ने 2009 में जब लोकसभा चुनाव कांग्रेस के समर्थन से लड़ा था तब उनको 144341 वोट मिले थे। हालांकि आरके चौधरी 2017 में भाजपा के समर्थन से चुनाव लड़े थे और हार गए थे। फिलहाल उनके आने से कांग्रेस यहां से मुकाबला करते दिख रही है। अब भाजपा के कौशल किशोर, सपा-बसपा गठबंधन के सीएल वर्मा के साथ कांग्रेस के आरके चौधरी के बीच मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।
2014 का चुनाव :
- विजेता : कौशल किशोर (भाजपा)
- प्राप्त मत 455274
- उपविजेता : आरके चौधरी (बसपा)
- प्राप्त मत 309274
- जीत का अंतर : 145416
इतने हैं मतदाता:
- कुल मतदाता 1956357
- पुरुष मतदाता : 1049052
- महिला मतदाता : 907243
- तृतीय जेंडर : 62
विधानसभा सीट :
बीकेटी, सिधौली, मोहनलालगंज, सरोजनीनगर, मलिहाबाद।