Loksabha Election 2019: 18 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में नहीं जीता कांग्रेस का एक भी प्रत्याशी
Loksabha Election 2019 लोकसभा चुनावों में 18 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश ऐसे हैं जहां पर कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। Loksabha Election 2019: लोकसभा चुनावों में 18 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश ऐसे हैं जहां पर कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला है। जिन बड़े राज्यों से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ है उनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और ओडिशा हैं।
छोटे राज्यों में पार्टी के प्रदर्शन की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड में भी पार्टी को निराशा हाथ लगी है। इतना ही नहीं अंडमान और निकोबार, दादरा नगर हवेली, दमन-दीव, लक्षद्वीप, मणिपुर, मिजोरम, सिक्किम और त्रिपुरा से भी पार्टी का कोई प्रत्याशी नहीं जीता है।
केरल छोड़ किसी राज्य में दो अंकों तक नहीं पहुंच सकी कांग्रेस
लोकसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि केरल को छोड़कर पार्टी के किसी भी राज्य में दो अंकों में सांसद नहीं जीत सके। पंजाब और तमिलनाडु में पार्टी को आठ-आठ सीटें मिली हैं।
बिहार, झारखंड, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे बड़े राज्यों में पार्टी के दो या उससे कम सांसद जीते हैं। चल रही मतगणना के ट्रेंड को मानें तो कांग्रेस को 50 या 49 सीटें मिलेंगी। अगर ऐसा होता है तो यह दूसरी बार होगा जब पार्टी को 50 से कम सीटें मिलेंगी। 2014 के चुनाव में पार्टी ने 44 सीटें जीती थीं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप