Lok Sabha Election Phase III Voting : खगडिय़ा में कसौटी पर NDA के विधायक
खगडिय़ा लोकसभा में छह विधानसभा हैं। यहां लगभग 17 लाख मतदाता हैं। खगडिय़ा लोकसभा सीट से 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान मैं हैं। तीसरे चरण में यहां 23 अप्रैल को चुनाव हो रहा है।
खगडिय़ा [जेएनएन]। तृतीय चरण में 23 अप्रैल मंगलवार को 25 खगडिय़ा लोकसभा क्षेत्र में मतदान हो रहा है। खगडिय़ा लोकसभा क्षेत्र से कुल 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। उनके भाग्य का फैसला मंगलवार को मतदाता कर रहे हैं। आज खगडिय़ा लोकसभा क्षेत्र में कुल 1714 बूथों पर 16 लाख 67 हजार 909 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) प्रत्याशी चौधरी महबूब अली कैसर और महागठबंधन के विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) प्रत्याशी मुकेश सहनी के बीच है।
इस लोकसभा में छह विधानसभा खगडिया, हसनपुर, बेल्दौर, परबत्ता, अलौली और सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र हैं। इन छह में से पांच पर जदयू का दबदबा है। 2015 के विधानसभा चुनाव में खगडिय़ा से पूनम देवी यादव, हसनपुर से राज कुमार राय, बेल्दौर से पन्ना लाल पटेल, परबत्ता से रामानंद प्रसाद सिंह और सिमरी बख्तियारपुर से दिनेश यादव ने जदयू के टिकट से चुनाव जीते थे। एकमात्र अलौली की सीट राजद के कब्जे में आई। वहां चंदन कुमार ने जीत दर्ज की। जाहिर है, जदयू अब राजग का हिस्सा है, ऐसे में खगडिय़ा लोकसभा सीट पर उसके विधायकों की प्रतिष्ठा कसौटी पर कसी जाएगी।
खगडिय़ा लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी
खगडिय़ा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में 20 उम्मीदवार हैं।
1. चौधरी महबूब अली कैसर- एनडीए (लोजपा)
2. मुकेश सहनी- महागठबंधन (वीआइपी)
3. रमाकांत चौधरी- बहुजन समाज पार्टी
4. उपेंद्र सहनी- राष्ट्रीय जन संभावना पार्टी
5. उमेशचंद्र भारती- आदर्श मिथिला पार्टी
6. तेज बहादुर सिंह- प्राउटिस्ट सर्व समाज
7. धीरेंद्र चौधरी-आम अधिकार पार्टी
8. मधुबाला देवी- आम जनता पार्टी राष्ट्रीय
9. मोनी कुमार- बहुजन मुक्ति पार्टी
10. विनय कुमार वरुण- जनहित किसान पार्टी
11. संजीव कुमार साकेत- शिव सेना
12. सुनील यादव- गरीब जनशक्ति पार्टी
13. कुंदन कुमार- निर्दलीय
14. नागेंद्र सिंह त्यागी- निर्दलीय
15. प्रमानंद सिंह- निर्दलीय
16. प्रियदर्शी दिनकर- निर्दलीय
17. बंदन कुमार सिंह- निर्दलीय
18. शिवनारायण सिंह- निर्दलीय
19. शोभा देवी- निर्दलीय
20. संग्राम कुमार सदा- निर्दलीय
वर्ष 2014 की स्थिति
साल 2014 में बिहार की खगड़िया लोकसभा सीट पर हुए चुनाव की ओर नजर डालें तो उसमें बिहार की राजनीति में अहम किरदार निभानी वाली पार्टी लोजपा के चौधरी महबूब अली कैसर ने बाजी मारी थी। लोजपा नेता महबूब अली कैसर ने राजद की महिला उम्मीदवार कृष्णा कुमारी यादव, जदयू के प्रत्याशी दिनेश चंद्र यादव और बसपा के कैंडिडेट राजेश कुमार को पछाड़ते हुए जीत दर्ज की थी।
- चौधरी महबूब अली कैसर (लोजपा): 313806 वोट
- कृष्णा कुमारी यादव (राजद): 237803 वोट
- दिनेशचंद्र यादव (जदयू): 220316 वोट