मनोज तिवारी और हंसराज हंस समेत दिल्ली के 50 नेता करेंगे दूसरे राज्यों में भाजपा का प्रचार
दिल्ली से लगभग 50 नेताओं को चंडीगढ़ पंजाब और हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रबंधन और चुनाव प्रचार के लिए भेजा जा रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। राजधानी दिल्ली में मतदान संपन्न होने के बाद अब यहां के नेता दूसरे राज्यों में कमल खिलाने के लिए जाएंगे। दिल्ली से लगभग 50 नेताओं को चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रबंधन और चुनाव प्रचार के लिए भेजा जा रहा है।
वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के प्रत्याशी मनोज तिवारी, और हंसराज हंस भी दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे। लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में 19 मई को मतदान है। उन क्षेत्रों में भाजपा और सहयोगी दलों के प्रत्याशियों को जीत दिलाने की जिम्मेदारी दिल्ली के नेताओं को सौंपी गई है।
प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन हिमाचल प्रदेश के मंडी में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया सहित कई अन्य नेता चंडीगढ़ में भाजपा प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।
पश्चिमी दिल्ली के सांसद और पार्टी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा पंजाब में चुनाव प्रचार करेंगे। दिल्ली के नेता व कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ दूसरे राज्यों के प्रत्याशियों को मिले, इसे ध्यान में रखकर यहां के नेताओं की चुनावी ड्यूटी लगाई जा रही है। कई नेता अपने लिए निर्धारित सीट पर जिम्मेदारी संभालने के लिए रवाना हो गए हैं।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप