EXCLUSIVE: अपने ऊपर हमलों पर बोले केजरीवाल, BJP मेरी हत्या कराना चाहती है
मोदी अमित शाह की जोड़ी देश के लिए बड़ा खतरा है उन्हें सत्ता से दूर करने के लिए कम खतरनाक कांग्रेस से गठबंधन की कोशिश की। लेकिन कांग्रेस ने गठबंधन न कर भाजपा को लाभ पहुंचाया है।
नई दिल्ली [सौरभ श्रीवास्तव]। लोकसभा चुनाव को लेकर मचे घमासान के बीच प्रचार के अंतिम समय में आम आदमी पार्टी (AAP) ने घर-घर संपर्क के माध्यम से पूरी ताकत झोंक दी है। AAP संयोजक एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का मकसद जहां कांग्रेस को अपने वोट बैंक से दूर रखना है, वहीं भाजपा के वोट बैंक में सेंध लगाना भी है। उनका जोर इस पर है कि मोदी विरोधी मतों का बिखराव न हो और AAP के सातों प्रत्याशी जीतें।
दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में केजरीवाल जहां केंद्र सरकार पर काम न करने देने का आरोप लगाते हैं, वहीं पूर्ण राज्य का मुद्दा उनके प्रचार के केंद्र में है। वह मानते हैं कि मौजूदा हालत में किसी दल को बहुमत नहीं मिलेगा। ऐसे में विपक्ष केंद्र में सरकार बनाने की स्थिति में आते हैं तो आप के सात सांसद निर्णायक भूमिका में होंगे। वह मोदी विरोधी गठबंधन को दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की शर्त पर ही समर्थन देगी।
कांग्रेस से गठबंधन न हो पाने का मलाल उन की बातों में साफ नजर आता है। वह कहते हैं कि देश की भलाई के लिए उन्होंने उस कांग्रेस से भी समझौता करने का प्रयास किया, जिसके भ्रष्टाचार के विरोध में ही उनका आंदोलन परवान चढ़ा। मोदी, अमित शाह की जोड़ी देश के लिए बड़ा खतरा है, उन्हें सत्ता से दूर करने के लिए कम खतरनाक कांग्रेस से गठबंधन की कोशिश की। लेकिन कांग्रेस ने गठबंधन न कर भाजपा को लाभ पहुंचाया है। केजरीवाल खुद पर हो रहे हमलों को भी राजनीतिक बताते हैं।
उनका कहना है कि भाजपा उनकी हत्या कराना चाहती है। अपनी सुरक्षा के तमाम तामझाम को वह दिखावा बताते हैं। वह इसे विडंबना बताते हैं कि दिल्ली पुलिस के माध्यम से उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के पास है। भाजपा के राष्ट्रवाद को धोखा बताते हैं। वह कहते हैं कि भाजपा नीत सरकार यदि पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों पर हमले व राष्ट्रवाद की राजनीति कर रही है तो पाक पीएम इमरान खान फिर से मोदी को प्रधानमंत्री क्यों देखना चाहते हैं? मतदान से ऐन पहले पार्टी छोड़कर गए दो विधायकों को भाजपा की साजिश बताते हुए सवाल करते हैं कि आखिर उनके विधायकों के मोदी प्रेम की वजह क्या है?
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप