दिल्ली में AAP के 6 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा, जानिए कौन कहां से लड़ रहा चुनाव
आम आदमी पार्टी के छह उम्मीदवारों सोमवार को अपना पर्चा दाखिल किया। चांदनी चौक से पंकज गुप्ता पूर्वी दिल्ली से आतिशी ने नामांकन किया।
नई दिल्ली, एएनआइ। आम आदमी पार्टी के छह उम्मीदवारों सोमवार को अपना पर्चा दाखिल किया। चांदनी चौक से पंकज गुप्ता, पूर्वी दिल्ली से आतिशी और उत्तर पश्चिम दिल्ली से गुगन सिंह ने नामांकन किया। इसके अलावा दक्षिण दिल्ली से राघव चड्ढा, नई दिल्ली से बृजेश गोयल और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से दिलीप पांडेय ने पर्चा दाखिल किया।
आम आदमी पार्टी (आप) के छह प्रत्याशियों ने लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन करा दिया। सभी प्रत्याशियों ने मेगा रोड शो के माध्यम से नामांकन कार्यक्रम की शुरुआत की। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी इन मेगा रोड शो में हिस्सा लिया। पश्चिम दिल्ली से बलवीर सिंह जाखड़ पहले ही नामांकन भर चुके हैं।
सोमवार को रोड शो के दौरान कुछ स्वागत प्वाइंट भी निर्धारित किए गए थे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जनता से ईमानदार उम्मीदवार को संसद भेजने की अपील की। वरिष्ठ नेताओं ने पूर्ण राज्य के मुद्दे पर जोर देते हुए कहा कि दिल्ली का विकास पूर्व राज्य के बिन अधूरा है।
भाजपा और कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में दिल्ली के लिए पूर्ण राज्य का वादा तो किया परंतु जीतने के बाद अपने वादे से मुकर गई। इन नेताओं की रही भागीदारी -उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी दिलीप पांडेय ने सुबह 10 बजे सिग्नेचर ब्रिज से रोड शो की शुरुआत की। इसमें पार्टी के प्रदेश संयोजक गोपाल राय और कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे।
पूर्वी दिल्ली की प्रत्याशी आतिशी ने सुबह साढ़े नौ बजे वाल्मीकि मंदिर त्रिलोकपुरी से रोड शो की शुरुआत की। इसमें उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शामिल हुए। नई दिल्ली से प्रत्याशी बृजेश गोयल ने सुबह दस बजे कीर्ति नगर मेट्रो स्टेशन के पास से रोड शो की शुरुआत की। इसमें राज्यसभा सदस्य एनडी गुप्ता और कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन भी शामिल हुए।
उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के प्रत्याशी गुग्गन सिंह ने सुबह साढ़े नौ बजे रामा विहार से अपने रोड शो की शुरुआत करी। इसमें मंत्री कैलाश गहलोत मौजूद रहे। चांदनी चौक से आप प्रत्याशी पंकज गुप्ता ने सुबह 10 बजे सदर बाजार से रोड शो की शुरुआत की। इसमें राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और मंत्री इमरान हुसैन शामिल हुए। दक्षिणी दिल्ली से प्रत्याशी राघव चड्ढा ने अपना नामांकन पत्र भरा।
आम आदमी पार्टी दिल्ली की सभी सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है। केजरीवाल कांग्रेस से दिल्ली, हरियाणा और चंड़ीगढ़ में गठबंधन करना चाहते थे लेकिन बात नहीं बनी। अब कांग्रेस भी दिल्ली की सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बता दें कि दिल्ली में लोकसभा चुनाव 12 मई को होगा। इसके लिए नामांकन की आखिरी तारीख 23 अप्रैल है।