Move to Jagran APP

नेताओं के साथ अभिनेताओं को भी भायी है दिलवालों की दिल्ली, कोई जीता-कोई चूका

देश की सत्ता की धुरी दिल्ली धुरंधर राजनीतिज्ञों की कर्मभूमि रही है। अटल-आडवाणी सहित कई नेताओं ने संसद में यहां का प्रतिनिधित्व किया। इनमें नेता के साथ-साथ अभिनेता भी शामिल रहे हैं।

By JP YadavEdited By: Published: Tue, 02 Apr 2019 12:16 PM (IST)Updated: Wed, 03 Apr 2019 08:52 AM (IST)
नेताओं के साथ अभिनेताओं को भी भायी है दिलवालों की दिल्ली, कोई जीता-कोई चूका
नेताओं के साथ अभिनेताओं को भी भायी है दिलवालों की दिल्ली, कोई जीता-कोई चूका

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। देश की सत्ता की धुरी दिल्ली धुरंधर राजनीतिज्ञों की कर्मभूमि रही है। अटल-आडवाणी सहित कई कद्दावर नेताओं ने संसद में यहां का प्रतिनिधित्व किया। इन नेताओं के साथ ही अभिनय और खेल की दुनिया के बड़े सितारे भी यहां चुनावी समर में दांव आजमाते नजर आए। कुछ को दिल्ली वालों ने हाथों हाथ लिया तो कुछ को सिरे से खारिज कर दिया। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी में उनका हश्र कुछ भी हुआ, लेकिन यहां चुनावी आकाश में चमक बिखेरने वाले लगभग सभी बड़े सितारे बाद में देश के सियासी फलक पर अवश्य छा गए। 

loksabha election banner

राजेश खन्ना के स्टारडम से एलके आडवाणी की राह हुई थी मुश्किल
दिल्ली में सितारों की सियासत की कहानी 1991 के लोकसभा चुनाव में उस समय के मशहूर अभिनेता राजेश खन्ना के राजनीति में कदम रखने के साथ होती है। भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी की सियासी राह मुश्किल बनाने के लिए कांग्रेस ने उन्हें नई दिल्ली के रण में उतार दिया। कांग्रेस के इस दांव से भाजपा खेमे में खलबली मच गई थी और पार्टी को अपने शीर्ष नेता को गुजरात के गांधीनगर से भी चुनाव लड़ाने का फैसला करना पड़ा था। नई दिल्ली के मतदाताओं पर खन्ना का जादू खूब चला और आडवाणी किसी तरह लगभग डेढ़ हजार मतों से अपनी सीट बचा सके। वहीं, गांधीनगर से उन्हें बड़ी जीत मिली थी और उन्होंने दिल्ली छोड़कर गुजरात को अपनी सियासी कर्मभूमि बना लिया।

राजेश खन्ना के जवाब में भाजपा ने शत्रुघ्न को मैदान में उतारा था
लालकृष्ण आडवाणी के नई दिल्ली सीट छोड़ने के बाद 1992 में उपचुनाव हुआ, जिसमें कांग्रेस ने फिर से राजेश खन्ना को टिकट दिया। इसके जवाब में भाजपा ने शत्रुघ्न सिन्हा को मैदान में उतार दिया। उपचुनाव बेहद रोचक हो गया था। शत्रुघ्न को पराजय का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में वह राज्यसभा के रास्ते संसद पहुंचे और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री बने। भाजपा के टिकट पर वह बिहार के पटना साहिब से लोकसभा भी पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अन्य भाजपा नेताओं और केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार बयानबाजी करते रहे शत्रु टिकट कटने के बाद अब कांग्रेस के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं।

विश्वजीत चटर्जी भी उतर चुके हैं चुनावी अखाड़े में
कजरा मोहब्बत वाला, अंखियों में ऐसा डाला.. गीत में अपने अभिनय का दम दिखा चुके फिल्म अभिनेता विश्वजीत भी 2014 के चुनाव में नई दिल्ली लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, वह बुरी तरह से हार गए थे। इसी वर्ष फरवरी में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है।

चांदनी चौक से स्मृति ने रखा था चुनावी रण में कदम
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' सीरियल में तुलसी का किरदार निभाने वाली स्मृति ईरानी ने दिल्ली से अपने सियासी आंगन में कदम रखा। भाजपा ने उन्हें कांग्रेस के दिग्गज कपिल सिब्बल के खिलाफ चांदनी चौक से उतारा था। यह अलग बात है कि वह चुनाव हार गईं, लेकिन राजनीतिक क्षितिज पर उनकी चमक लगातार बढ़ती गई। पिछले चुनाव में उन्हें अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ मैदान में उतारा गया। उन्होंने राहुल को जबरदस्त टक्कर दी, लेकिन इसे जीत में नहीं बदल सकीं। हालांकि, पीएम मोदी ने उनपर भरोसा जताते हुए सरकार में केंद्रीय मंत्री बनाया। अब पार्टी ने एक बार फिर उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ अमेठी से चुनाव मैदान में उतारा है।

चेतन व कीर्ति भी कर चुके हैं दिल्ली की चुनावी पिच पर बैटिंग
अपने जमाने के धाकड़ बल्लेबाजों में शुमार चेतन चौहान और कीर्ति आजाद भी दिल्ली में चुनावी किस्मत आजमा चुके हैं। चौहान भाजपा के टिकट पर 1991 में ही उत्तर प्रदेश के अमरोहा से लोकसभा चुनाव जीत चुके थे। वहीं, 2009 में पार्टी ने उन्हें पूर्वी दिल्ली से अपना उम्मीदवार बनाया, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब वह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं। कीर्ति आजाद ने भी अपना चुनावी सफर दिल्ली से शुरू किया। पार्टी ने उन्हें दिल्ली में लोकसभा के बजाय 1993 में गोल मार्केट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ाया था और वह विजयी हुए थे। 1998 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। बाद में वह बिहार के दरभंगा से भाजपा के टिकट पर जीतकर संसद पहुंचे थे। पार्टी के खिलाफ बयानबाजी के कारण भाजपा ने निलंबित कर दिया था। अब टिकट की उम्मीद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

दिल्ली में ही मिली मनोज तिवारी को सियासी पहचान
समाजवादी पार्टी के टिकट पर गोरखपुर से योगी आदित्यनाथ के हाथों पराजित होने के बाद भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी को सियासी पहचान दिल्ली में ही मिली। वह वर्ष 2013 में भाजपा में शामिल हुए और पार्टी ने उन्हें 2014 के चुनाव में उत्तर-पूर्वी दिल्ली से चुनाव मैदान में उतार दिया। पार्टी के भरोसे पर खरे उतरे और उन्होंने कांग्रेस से यह सीट छीनकर भाजपा की झोली में डाल दी। पार्टी ने 2016 के आखिर में उनका सियासी कद बढ़ाते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बना दिया। इस बार भी वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली से टिकट के दावेदार हैं। मनोज तिवारी बनारस हिंदू विवि में पढ़ाई के दौरान गायक के रूप में स्थापित हो गए थे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.