Lok Sabha Election 2019: झारखंड के पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा का कार्यालय बम विस्फोट कर उड़ाया
Lok Sabha Election 2019. नक्सलियों ने एक बार फिर भाजपा कार्यालय पर धावा बोलते हुए खूंटी संसदीय क्षेत्र के खरसावां में बम विस्फोट कर अर्जुन मुंडा का चुनाव कार्यालय उड़ा दिया है।
रांची, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 - लोकसभा चुनावों के बीच झारखंड में एक बार फिर नक्सलियों ने भाजपा का कार्यालय को बम विस्फोट कर उड़ा दिया है। पलामू के बाद अबकी बार खूंटी संसदीय क्षेत्र के खरसावां में नक्सलियों ने बीजेपी के दफ्तर पर हमला बोला है। गुरुवार रात करीब एक बजे नक्सलियाें के एक दस्ते द्वारा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के चुनावी कार्यालय में बम विस्फोट को अंजाम दिया गया। मुंडा खूंटी से भाजपा के उम्मीदवार हैं।
खरसावां के चांदनी चौक स्थित भाजपा कार्यालय को उड़ाने के बाद वहां नक्सली पोस्टर भी छोड़े गए हैं। जिसमें वोट बहिष्कार की धमकी दी गई है। भाजपा के उम्मीदवार अर्जुन मुंडा ने बम विस्फोट के बाद कहा कि खरसावां कार्यालय को बम विस्फोट कर क्षतिग्रस्त करना दुस्साहसिक और निंदनीय है। उन्हें जनतंत्र पर पूरा भरोसा है। वे हमेशा से ही जनता की विश्वसनीयता पर खरे उतरे हैं। उन्हें किसी तरह का नुकसान पहुंचाने की मंशा कतई सफल नहीं होगी। लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि है।
बताया गया कि बीती रात चार की संख्या में हथियारबंद नक्सलियों ने पहले पार्टी ऑफिस में सो रहे प्रचार वाहन चालकों को अपने कब्जे में लिया। फिर उन्होंने पार्टी कार्यालय को बम से उड़ा दिया। हालांकि, बाद में पार्टी कार्यालय को उड़ाने के बाद सभी ड्राइवरों को छोड़ दिया गया। बम विस्फोट के बाद से इलाके में दहशत का माहौल कायम है।
इधर पार्टी कार्यालय को उड़ाने की सूचना पर खूंटी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी मौके पर पहुंच गए हैं। खरसावां के एसपी चंदन कुमार सिन्हा भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर बम विस्फोट की पड़ताल कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : देर रात नक्सलियों ने भाजपा का कार्यालय उड़ाया, इलाके में दहशत का माहौल
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप