Lok Sabha Election 2019: बड़ी बेआबरु होकर...सिद्धू को नहीं मिली जेड प्लस सुरक्षा-बैरंग वापस
Lok Sabha Election 2019. रांची के धुर्वा में सुरक्षा कारणों से नवजोत सिंह सिद्धू की जनसभा नहीं हो सकी। इससे पहले हजारीबाग में प्रशासन ने उन्हें खुली जीप में रोडशाे की मंजूरी नहीं दी।
रांची, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 - देश में कहीं भी जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त नवजोत सिंह सिद्धू को रांची में सुरक्षा नहीं मिली और इस कारण देर शाम धुर्वा स्थित सेक्टर टू मैदान में जनसभा में वे भाग नहीं ले सके। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय का प्रचार करने पहुंचे सिद्धू इस दौरान लगभग एक घंटे तक एयरपोर्ट पर रहे। इसके बाद वे वापस दिल्ली चले गए। सिद्धू चार्टर्ड फ्लाइट से रांची पहुंचे थे।
इसके पूर्व वे बोकारो में आयोजित एक सभा को संबोधित कर चुके थे। सुबोधकांत सहाय ने इसके पीछे सरकार की साजिश करार दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने बताया कि सुरक्षा के नाम पर चार जवानों को भेज दिया गया था। सिद्धू के साथ पहुंचे सुरक्षा प्रभारी ने इसे अपर्याप्त बताया और उन्हें एयरपोर्ट से बाहर निकलने से मना कर दिया। इसके बाद सिद्धू लौट गए।
इस मामले में रांची एसएसपी ने सुरक्षा मुहैया कराने की बात कही लेकिन कांग्रेस प्रवक्ता का दावा है कि प्रशासन साजिश के तहत काम कर रहा है और इस मामले में झूठ भी बोल रहा है। सेक्टर टू में कार्यक्रम के लिए अनुमति भी ली गई थी।
हजारीबाग में खुले वाहन से रोड शो की नहीं मिली अनुमति, वापस लौटे
इसके पूर्व हजारीबाग में सिद्धू को रोड शो करने की इजाजत नहीं मिली थी। कांग्रेसी प्रत्याशी गोपाल साहू के समर्थन में मंगलवार को चार्टर्ड विमान से हजारीबाग पहुंचे पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेसी नेता नवजोत ङ्क्षसह सिद्धू को हजारीबाग में खुले वाहन से रोड शो की अनुमति नहीं मिली। इससे क्षुब्ध कांग्रेस ने अपना रोड शो का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। मौके पर मौजूद प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहा सत्ता और सरकार प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है। अपने संबोधन में सिद्धू ने कहा यह है मोदी का गुंडा राज। कहा आखिर बंद कार में रोड शो का क्या औचित्य है।