Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019 : जमशेदपुर और सिंहभूम सीट पर सांसदों से भिड़ेंगे प्रमुख दलों के विधायक

Lok Sabha Election 2019. कोल्हान की दोनों लोकसभा सीटों पर भाजपा ने अपने सांसदों को उम्मीदवार बनाया हैं जिन्हें टक्कर देने वाले दोनों उम्मीदवार विधायक हैं।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Thu, 04 Apr 2019 12:10 PM (IST)Updated: Thu, 04 Apr 2019 12:10 PM (IST)
Lok  Sabha Election 2019 :   जमशेदपुर और सिंहभूम सीट पर सांसदों से भिड़ेंगे प्रमुख दलों के विधायक
Lok Sabha Election 2019 : जमशेदपुर और सिंहभूम सीट पर सांसदों से भिड़ेंगे प्रमुख दलों के विधायक

जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। Lok  Sabha Election 2019 इस बार कोल्हान का लोकसभा चुनाव काफी रोचक होगा। कोल्हान में पड़नेवाले दोनों संसदीय क्षेत्र जमशेदपुर और सिंहभूम में भाजपा व विपक्षी महागठबंधन ने अपने-अपने दिग्गजों को मैदान में उतार दिया है। जमशेदपुर सीट से भाजपा के प्रत्याशी विद्युत वरण महतो के मुकाबले झामुमो ने अपने सबसे अनुभवी व वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि सिंहभूम सीट से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा के सामने पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा होंगी।

loksabha election banner

मजे की बात है कि भाजपा के दोनों उम्मीदवार अपने-अपने सीट से सांसद हैं, जिन्हें टक्कर देने वाले दोनों उम्मीदवार विधायक हैं। चंपई सोरेन सरायकेला और गीता कोड़ा जगन्नाथपुर की विधायक हैं। यह भी संयोग ही है कि दोनों विधायकों का विधानसभा क्षेत्र सिंहभूम संसदीय क्षेत्र में ही पड़ता है। जमशेदपुर सीट पर चुनाव लड़ रहे चंपई सोरेन व विद्युत वरण महतो को झामुमो में एक समय कार्यकर्ता गुरु-शिष्य कहा करते थे। इस बार दोनों आमने-सामने होंगे। उधर, इस बात के ज्यादा आसार हैं कि दोनों सीटों पर भाजपा और महागठबंधन के बीच ही मुख्य मुकाबले की स्थिति बनेगी। हालांकि आम आदमी पार्टी भी दोनों सीटों पर लड़ने जा रही है। तृणमूल कांग्रेस भी जमशेदपुर से प्रत्याशी उतार चुकी है।

नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाना पहला लक्ष्य : विद्युत

जमशेदपुर से लगातार दूसरी बार सांसद बनने के लिए मैदान में उतरे विद्युत वरण महतो ने प्राथमिकताएं तय कर ली हैं। उनका कहना है कि लोकसभा का चुनाव राष्ट्रीय मुद्दों पर लड़ा जाता है, जिसमें उनकी पहली प्राथमिकता नरेंद्र भाई मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाना है। जिस तरह से उन्होंने दबे-कुचले लोगों का जीवन स्तर बढ़ाने के लिए काम किया, उसकी सराहना पूरा देश कर रहा है।

खुलवाएंगे बंद पड़े स्कूल, बंद कराएंगे शराब दुकानें : चंपई

जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र से विपक्षी महागठबंधन के उम्मीदवार चंपई सोरेन ने अपनी प्राथमिकताएं गिना दी हैं। झामुमो का टिकट मिलने के बाद शहर पहुंचे चंपई ने कहा कि भाजपा राज में सैकड़ों प्राथमिक स्कूलों को बंद करा दिया गया और गांव-गांव में शराब की दुकानें खोल दी गईं। गांव के विकास की बात तो छोड़ ही दें, वहां मूलभूत सुविधा तक नहीं है। इसे हम मुद्दा बनाएंगे।

राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ स्थानीय मुद्दे भी मेरी प्राथमिकता सूची में: गिलुवा

गांव, गरीब और वंचित तबके तक विकास पहुंचे, इसी मुद्दे को लेकर इस बार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद लक्ष्मण गिलुवा चुनावी समर में उतर चुके हैं। उनके एजेंडे में सबसे ऊपर देश का सर्वागीण विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा है। उनका कहना है कि लोकसभा चुनाव राष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्रित होता है, लेकिन स्थानीय मुद्दे भी उनकी प्राथमिकता में हैं।

बेहतर स्वास्थ्य सेवा, उच्च शिक्षा व महिला सुरक्षा प्राथमिकता

सिंहभूम संसदीय सीट से महागठबंधन प्रत्याशी के तौर पर चुनावी समर में उतरीं कांग्रेस की गीता कोड़ा के चुनावी मुद्दों में बेहतर स्वास्थ्य सेवा सबसे ऊपर है। क्षेत्र से पलायन रोकना भी भी उनके मुद्दों में शुमार है। उच्च गुणवत्ता युक्त शिक्षा, पूरे इलाके में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता के साथ ही महिला सुरक्षा भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

ये रहा प्रत्याशियों का परिचय

विद्युत वरण महतो : 2009 में पहली बार बहरागोड़ा सीट से झामुमो से विधायक बने। इंटर तक शिक्षा। 2014 में भाजपा से लोस सदस्य बने।

चंपई सोरेन: सरायकेला सीट से झामुमो विधायक। शिक्षा मैटिक पास। पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे जमशेदपुर सीट से।

लक्ष्‍मण गिलुवा: चक्रधरपुर से विधायक रहे गिलुवा। 2014 में सिंहभूम सीट से भाजपा टिकट पर जीते। शिक्षा : बीकॉम पास।

गीता कोड़ा: इंटर पास गीता कोड़ा पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी। वर्ष 2009 में पहली बार विधायक बनीं। 2014 में भी विस पहुंचीं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.