Lok Sabha Election 2019 : देश की दुर्गति करने में भाजपा से अधिक कांग्रेस जिम्मेदार : मायावती
गठबंधन के प्रत्याशी के समर्थन में बसपा अध्यक्ष व प्रदेश की पूर्व सीएम मायावती ने प्रतापगढ़ में चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।
प्रतापगढ़ : बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि आज भाजपा ने जो देश की दुर्गति की है, इसके लिए भाजपा से अधिक कांग्रेस जिम्मेदार है। कांग्रेस के 70 साल के राज में जो देश की बर्बादी हुई, उससे परेशान लोगों ने भाजपा को सत्ता प्रदान की तो उसने भी कांग्रेस की तरह ही देश को बर्बाद किया।
बोलीं, गठबंधन की बढ़त से भाजपा समेत नरेंद्र मोदी बौखलाए हुए हैं
बसपा अध्यक्ष मायावती ने रविवार को प्रतापगढ़ संसदीय क्षेत्र के दिलीपपुर के पास सपा-गठबंधन प्रत्याशी अशोक त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि गठबंधन की बढ़त से भाजपा समेत नरेंद्र मोदी बौखलाए हुए हैं। मायावती ने कहा कि केंद्र में गठबंधन की सरकार बनी तो हम पैसे नहीं बांटेंगे, बल्कि लोगों को नौकरी देंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार वर्तमान में आरक्षण को समाप्त करना चाहती है। निजी क्षेत्र में बिना आरक्षण का कोटा को लागू किए ही अपने चहेतों और पूंजीपतियों पर अधिक ध्यान दे रही है। ऐसे कही लोगों को नौकरी भी दे रही है।
मायावती का स्वागत पदाधिकारियों ने किया
इसके पूर्व बसपा अध्यक्ष हेलीकाप्टर से शहर से करीब पांच किमी दूर छीटपुर में उतरी थीं। उनका स्वागत जिलाध्यक्ष राम समाज गौतम ने आदि नेताओं ने किया। बता दें कि प्रशासन ने रामलीला मैदान में सभा करने की अनुमति रद कर दिया। इसके बाद चुनावी सभा छीटपुर में आयोजित की गई थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप