Loksabha Election 2019 : अब इटावा मुलायम और अखिलेश का नहीं भाजपा का गढ़ : महेंद्र नाथ पांडेय
भाजपा प्रत्याशी रामशंकर कठेरिया के नामांकन में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सर्वे में गठबंधन की 50 सीटें बताया जाना गलत।
इटावा, जागरण संवाददाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि इटावा अब मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव का गढ़ नहीं रहा बल्कि भाजपा का गढ़ हो गया है। यहां पर जिस तरीके से लोगों का समर्थन मिल रहा है उसे देखकर यही कहा जा सकता है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को अमेठी लोकसभा पर भरोसा नहीं रहा। इसलिए वे केरल के वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन करने पहुंच गए। वह कचहरी में भाजपा प्रत्याशी डा. रामशंकर कठेरिया के दूसरे पर्चे को दाखिल करने पर उनके साथ पहुंचे थे और पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जनता के सर्वे में भाजपा की लोकसभा की सीटें 73 प्लस आ रहीं हैं। जो गठबंधन की सीटें 50 से ऊपर दिखाई जा रही हैं वह बिल्कुल गलत हैं। चुनाव परिणाम इसे साबित कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने लोगों को 72000 रुपये देने की जो घोषणा की है वह झूठा वायदा है। मोदी सरकार पहले ही लोगों को एक लाख छह हजार रुपये की मदद विभिन्न योजनाओं में दे रही है। इसके अलावा किसान सम्मान निधि से किसानों को छह हजार रुपये अलग से दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना घोषणा पत्र पढ़े और देखे कि गांव के विद्युतीकरण का वायदा तो वह पूरा न कर पाई। हमने दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत गांवों में शतप्रतिशत विद्युतीकरण करके दिखाया है।
सपा के कई नेता भाजपा में शामिल
समाजवादी पार्टी के कई नेता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय के समक्ष भाजपा में शामिल हो गए। इनमें नगर पंचायत अध्यक्ष इकदिल सौरभ दीक्षित, सपा के पारपट्टी के नेता पूर्व प्रत्याशी विमल भदौरिया, सपा के पूर्व जिला महासचिव अजय भदौरिया, पंकज दीक्षित शामिल हैं।