दिग्विजय ने कहा हमें भाजपा के छुटभैया नेता हिंदुत्व सिखाते हैं, जो हिंदू का मतलब ही नहीं जानते
दिग्विजय ने कहा भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री नर्मदा नदी में खड़े होकर कसम खाते हैं और उसे तोड़ देते हैं। कांग्रेस ने कभी झूठ नहीं कहा। जो वादा हम करते हैं वह निभाते हैं।
सीहोर (राज्य ब्यूरो) । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में हिंदू आतंकवाद के बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि मैंने कभी हिंदू आतंकवाद कहा ही नहीं। मैंने संघी आतंकवाद कहा है, लेकिन लोगों को बरगलाने के लिए बयानों को तोड़ा मरोड़ा जाता रहा है।
भाजपा पर कसा तंज
इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री नर्मदा नदी में खड़े होकर कसम खाते हैं और उसे तोड़ देते हैं। कांग्रेस ने कभी झूठ नहीं कहा। जो वादा हम करते हैं, वह निभाते हैं। वह खुद को नर्मदा पुत्र कहकर हेलीकॉप्टर से नर्मदा यात्रा करते हैं और हम 3500 किमी की पैदल नर्मदा यात्रा करने के बाद भी हिंदू नहीं हैं। हमें भाजपा के छुटभैया नेता हिंदुत्व सिखाते हैं, जो हिंदू का मतलब ही नहीं जानते।
मैैैैने लगाया पौधा भाजपा खा रही फल
बिजली कटौती के संबंध में सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय मप्र का विभाजन हुआ और अधिकतर पावर प्लांट छत्तीसगढ़ में चले गए। हमने नए पॉवर प्लांट लगाए, जिसका फायदा मप्र को बाद में मिला। मैंने पौधा लगाया था, जिसका फल भाजपा ने खाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता हिटलर मनोवृत्ति के हैं। वे विपक्ष को ही खत्म करना चाहते हैं, जबकि बिना विपक्ष के लोकतंत्र नहीं होता।
सोशल मीडिया पर छाया 20-20 रुपये का मुद्दा
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सीहोर दौरे में सबसे पहले चिंतामन गणेश मंदिर पहुुंंचे। वहां पूजा के बाद वह सम्मेलन के लिए रवाना होने लगे, तभी कुछ भिखारी सामने आ गए। सिंह ने उन्हें 20-20 रुपये दिए। यह घटनाक्रम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। खासकर भाजपा नेताओं ने इसे कांग्रेस की घोषणाओं से जोड़कर रोचक कमेंट्स किए।