Lok Sabha Election Result 2019: भोला और राम की लड़ाई में मात्र 181 वोटों से हुआ फैसला
Machhlishahar Lok Sabha Result 2019 उत्तर प्रदेश के मछलीशहर लोकसभा सीट भाजपा उम्मीदवार बीपी सरोज को मात्र 181 वोटों से जीत मिली है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Machhlishahar Lok Sabha Result 2019: उत्तर प्रदेश के मछलीशहर लोकसभा सीट पर दिनभर असमंजस की स्थिति बनी रही। कभी गठबंधन प्रत्याशी तो कभी भाजपा उम्मीदवार 100-200 वोटों से आगे रहा। लेकिन, आखिरी में भाजपा उम्मीदवार ने बाजी मार ली। हालांकि, भाजपा उम्मीदवार की ये कोई बड़ी जीत नहीं बल्कि छोटी और रोमांचक जीत थी।
दरअसल, भाजपा प्रत्याशी बीपी सरोज उर्फ भोलानाथ ने गठबंधन (बसपा) प्रत्याशी त्रिभुवन राम को 181 वोटों से हरा दिया। इन दोनों ही प्रत्याशियों को आज इस बात का एहसास हो गया होगा कि लोकतंत्र में एक-एक वोट की कितनी कीमत होती है। दरअसल, मछलीशहर सुरक्षित सीट पर गुरुवार को मतगणना वाले दिन शह-मात का खेल चलता रहा। कभी भाजपा तो कभी बसपा उम्मीदवार जीतता रहा।
Machhlishahar Lok Sabha Result 2019
बीपी सरोज (भाजपा) - 487093
त्रिभुवन राम (बसपा) - 486763
मछलीशहर (सु) क्षेत्र में मतगणना के दिन गुरुवार को दोपहर बाद शह-मात के बीच शुरू हुई आंख मिचौनी से अंत तक प्रत्याशियों व समर्थकों की सांसें अटकी रहीं। बसपा प्रत्याशी टी.राम व भाजपा प्रत्याशी बीपी सरोज के बीच कांटे की टक्कर के दौरान सांप-सीढ़ी का रोमांचकारी खेल जारी रहा। शाम तीन बजे के बाद तो रोमांच पराकाष्ठा पर पहुंचता नजर आया। इस दौरान कम से कम एक दर्जन बार दोनों उम्मीदवार एक-दूसरे से आगे-पीछे होते रहे।
दोपहर तक करीब 20 हजार से अधिक मतों से पीछे चल रहे भाजपा प्रत्याशी बीपी सरोज ने शाम पांच बजे के आस-पास एक मौका ऐसा आया जब 20 मतों की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि यह बढ़त नितांत अस्थाई रही और अगले ही पल बसपा के टी.राम को पुन: बढ़त हासिल हो गई। इसके बाद तो कमोवेश हर चक्र में एक-दूसरे से आगे होने का सिलसिला ऐसा शुरू हुआ कि परिणाम को लेकर किसी भी प्रकार की संभावना जताए जाने की स्थिति नहीं रही।
शाम छह बजे के आस-पास भाजपा प्रत्याशी को 186 मतों की बढ़त बताई गई। ऐसी स्थिति में दोनों पक्षों के समर्थकों की बड़ी तादाद मतगणना स्थल के इर्द-गिर्द जमा होने लगी। अगले चक्र में कभी टी.राम तो कभी बीपी सरोज विजेता बनते नजर आए। इस रोमांचकारी शह-मात के दौरान सांप-सीढ़ी का खेल रात 8 बजे तक चलता रहा। इस हार-जीत के खेल ने तो यह जता ही दिया कि लोकतंत्र के इस सियासी समर में एक-एक वोट की ताकत क्या होती है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप