2019 का चुनाव गौरव का चुनाव, गोद लिया गांव नहीं संभाल पाए वो तो देश क्या संभालेंगे : स्मृति ईरानी
स्मृति ने कहा अमेठी का दुर्भाग्य है कि यहां का सांसद आज लापता है। 6 मई को अमेठी में कमल का बटन दबेगा और 23 मई को अमेठी में दीपावली मनाई जाएगी।
अमेठी, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि 2014 में पहली बार प्रत्याशी के रूप में अमेठी आई थी, लोगों ने अपना आशीर्वाद दिया। 55 साल की पार्टी का 80 फीसदी वोट कम किया। अमेठी को वचन दिया था कि अपने दीदी बनाया है तो बहन का हर रिश्ता निभाऊंगी और अापने प्यार दिया इसलिए मैं आपके हर सुख-दुख में साथ हूं। 2019 का चुनाव गौरव का चुनाव है। राहुल गांधी अपना गोद लिया गांव नहीं संभाल पाए। वो देश क्या संभालेंगे, राहुल गांधी का साथ छोड़कर भाजपा परिवार में दर्जनों लोग शामिल हुए हैं।यह बातें, स्मृति ईरानी ने पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में शुक्रवार को कहीं। बता दें, लोकसभा चुनाव 2019 में अमेठी से लगातार दूसरी बार प्रत्याशी बनने के बाद केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी दो दिन के अमेठी दौरे पर हैं।
अमेठी का दुर्भाग्य है कि यहां का सांसद आज लापता है
आगे स्मृति ईरानी ने कहा कि अमेठी का दुर्भाग्य है कि यहां का सांसद आज लापता है। अमेठी का हर कार्यकर्ता आज कहता है कि दीदी गांव-गांव आपको ले जाएंगे, अमेठी की पांच विधानसभा में चार पर कमल आपने खिलाया है। जायस और अमेठी की जनता इस बात की साक्षी है कि किसी गांव में आग लगी तो बीजेपी का कार्यकर्ता वहां पहुंचा है, लेकिन लापता सांसद कभी नहीं आया। न ही उस परिवार से मिलने आया। 15 साल से सत्ता का सुख भोग रहे है, लेकिन भगवान का बनवास भी 14 साल में खत्म हो गया था और 15 साल में अमेठी का बनवास खत्म होगा और 6 मई को अमेठी में कमल का बटन दबेगा और 23 मई को अमेठी में दीपावली मनाई जाएगी।
गोद लिया गांव नहीं संभाल पाए, वो देश क्या संभालेंगे
जब राहुलजी ने वायनाड से पर्चा भरा है, लेकिन अमेठी के एक नेता ने सिर्फ इसलिए भाजपा में शामिल हुए क्योंकि राहुल गांधी पाकिस्तान का साथ देते है, कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष ने मुस्लिम लीग का साथ ले लिया। राहुल गांधी के गोद लिए डीह ब्लॉक के जगदीशपुर गांव के प्रधान इसलिए भाजपा में शामिल हुए हैं कि राहुल गांधी अपना गोद लिया गांव नहीं संभाल पाए। वो देश क्या संभालेंगे, राहुल गांधी का साथ छोड़कर भाजपा परिवार में दर्जनों लोग शामिल हुए हैं।
महाकुंभ लगा तो लापता सांसद ने अमेठी जनता को नहीं कराया स्नान
स्मृति ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में योगी की सरकार बनी तो राहुल गांधी को अयोध्या में रामलला की याद आई और मोदी जब प्रधानमंत्री बने तो तो गंगा मैया की याद आई थी। प्रयागराज में महाकुंभ लगा तो लापता सांसद ने अमेठी की जनता को स्नान नहीं कराया। भाजपा कार्यकर्ता एक-एक लोगों को स्नान के लिए कुंभ ले गई।
2019 का चुनाव गौरव का चुनाव
भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान का साथ दे रहे है। मोदी पर कटाक्ष कर भारतीय सेना से प्रमाण मांग रहे है। यही नहीं उन्होंने अपने घोषणा पत्र में भी देशद्रोह को हटा देना का वादा किया। उनको ये पता नहीं कि अब 2019 का चुनाव गौरव का चुनाव बन गया है।