Loksabha Election 2019 : दूसरे चरण के लिए थम गया प्रचार, कल है मतदान
दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी सियासी दलों के दिग्गजों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया और अपने राजनीतिक विरोधियों पर तीखे हमले किये।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मंगलवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम गया। दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी सियासी दलों के दिग्गजों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया और अपने राजनीतिक विरोधियों पर तीखे हमले किये। दूसरे चरण में 18 अप्रैल को प्रदेश के जिन आठ संसदीय क्षेत्रों में मतदान होना है उनमें नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा और फतेहपुर सीकरी शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग की ओर से प्रतिबंध लगाये जाने के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बसपा अध्यक्ष मायावती अपनी-अपनी पार्टियों के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार नहीं कर सके। मायावती की जगह उनके भतीजे आकाश ने आगरा में यह जिम्मेदारी संभाली। आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान में गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह, बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्र के साथ सियासी मंच पर आकाश ने न सिर्फ पहली बार उपस्थिति दर्ज करायी बल्कि भाषण भी दिया। उधर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आगरा में भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल के समर्थन में पहले रोड शो किया और फिर फीरोजाबाद के जसराना क्षेत्र के एसजीएम इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में विरोधियों पर हमले किये।
दूसरे चरण में जिन सियासी दिग्गजों और चर्चित चेहरों की प्रतिष्ठा दांव पर है उनमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर फतेहपुर सीकरी से, सिने स्टार व भाजपा सांसद हेमा मालिनी मथुरा से, योगी सरकार के पशुधन मंत्री एसपी सिंह बघेल आगरा से और सपा प्रत्याशी रामजी लाल सुमन हाथरस से चुनाव मैदान में हैं।
दूसरे चरण की लोकसभा सीटों में नगीना (सुरक्षित) से सात, अमरोहा से 10, बुलंदशहर (सुरक्षित) से 10, अलीगढ़ से 14, हाथरस (सुरक्षित) से आठ, मथुरा से 13, आगरा (सुरक्षित) से 11 तथा फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ये लोकसभा क्षेत्र बिजनौर, अमरोहा, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा व एटा जिले में आते हैं।
दूसरे चरण की आठ लोकसभा क्षेत्रों में कुल 1.40 करोड़ मतदाता हैं। इसमें 75.83 लाख पुरुष, 64.92 लाख महिला और 878 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। कुल मतदाताओं में से 2,61,221 मतदाताओं की उम्र 18 से 19 वर्ष तक है। मतदान के लिए सभी आठ लोकसभा क्षेत्रों में कुल 8751 मतदान केंद्र तथा 16,162 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
इससे पूर्व पहले चरण में भी आठ लोकसभा सीटों के लिए ही 11 अप्रैल को मतदान हुआ था। पहले चरण की दस जिलों आठ सीटों में सहारनपुर, कैराना, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद व गौतमबुद्धनगर सीट शामिल थी।