Loksabha Election 2019 : कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने पीएम नरेंद्र मोदी को बताया निरंकुश शासक
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलेक्जेंडर बन जम्मू कश्मीर से कन्या कुमारी तक राज करना चाहते हैं।
महराजगंज, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव 2019 में विपक्ष के लिए सबसे बड़ी किरकिरी हैं। आज महराजगंज में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने निरंकुश शासक बताया।
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलेक्जेंडर बन जम्मू कश्मीर से कन्या कुमारी तक राज करना चाहते हैं। भाजपा के शासनकाल में जम्मू कश्मीर की स्थितियां दिनों-दिन बिगड़ रही हैं। कश्मीर को गाली देकर सत्ता में आने वाली भाजपा कभी उस राज्य का भला नहीं कर सकती।
गुलाम नबी आजाद महराजगंज जिले में पार्टी प्रत्याशी सुप्रिया श्रीनेत के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। गुलाम नबी आजाद ने आज यहां पर जनसभा के बाद संवाददाताओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जब कश्मीर में कांग्रेस का शासन था, हालात पूरी तरह से नियंत्रण में थे। राज्य के विभिन्न हिस्सों में तीन शिफ्ट में विकास कार्य चल रहे थे। नए आतंकियों की भर्ती रुक गई थी, लेकिन अब स्थितियां बिगड़ती जा रही हैं। औसत रूप से वर्ष भर में साढ़े चार सौ सैनिक शहीद हुए हैं। कश्मीर के पढ़े लिखे लोग अपनी नौकरियों से त्याग पत्र देकर हथियार उठा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री आजाद ने कहा कि जम्मू -कश्मीर व उत्तर पूर्व के राज्यों की समस्याओं को सुलझाना भाजपा के बस की बात नहीं है। एक सवाल के जवाब में कहा कि वर्तमान चुनावी परिदृश्य में लड़ाई एनडीए व नान एनडीए के बीच हो गई है। सेना के नाम हो रही राजनीति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आजाद ने कहा कि मनमोहन सिंह के समय भी सेना ने छह स्ट्राइक किए गए थे, लेकिन सरकार व कांग्रेस ने उस पर राजनीति नहीं की।
तल्ख लहजे में आजाद ने कहा कि भारतीय सेना मोदी के घर की नौकर नहीं है। मोदी के पैदा होने से दो वर्ष पूर्व ही पंडित नेहरू ने भारतीय सेना को भेजकर जम्मू -कश्मीर की रक्षा की थी। जो इतिहास नरेंद्र मोदी ने पढ़ा है वह सही नहीं है। उन्हें पुन: इतिहास का अध्ययन करना चाहिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा प्रधानमंत्री कौन होगा यह चुने हुए सांसद मिल बैठकर तय कर लेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप